- Hindi News
- लेखापाल छोटे खां की 32 लाख की संपत्ति राजसात करने के आदेश
लेखापाल छोटे खां की 32 लाख की संपत्ति राजसात करने के आदेश
लोकायुक्त पुलिस इंदौर द्वारा आलीराजपुर में पदस्थ लेखापाल छोटे खां की लगभग 32 लाख की बेहिसाबी संपत्ति राजसात करने के आदेश जिला कोर्ट इंदौर ने दिए। लोकायुक्त पुलिस ने जुलाई 2011 में छापा मार कर अनुपातहीन संपत्ति पकड़ी थी।
विशेष न्यायालय इंदौर के न्यायाधीश एवं प्राधिकृत अधिकारी अवनींद्रकुमार सिंह ने शनिवार को सुनाए फैसले में उक्त आदेश कलेक्टर आलीराजपुर को दिए। लोकायुक्त एसपी इंदौर अरुण मिश्रा के मुताबिक आरोपी छोटे खां के ग्रीन पार्क कॉलोनी इंदौर स्थित घर पर लोकायुक्त पुलिस ने 24 जुलाई 2011 को छापा मारा था। उसमें इंदौर स्थित मकान अन्य स्थानों की संपत्ति सहित 45 लाख 73 हजार 453 रुपए कीमत की संपत्ति का खुलासा हुआ था। लोकायुक्त पुलिस की ओर से 45.73 लाख रुपए कीमत की संपत्ति राजसात करने के लिए प्रकरण पेश किया गया था। अदालत ने शनिवार को सुनाए फैसले में उसमें ग्रीन पार्क कॉलोनी इंदौर स्थित 12 लाख रुपए कीमत का मकान, विक्रम नगर देवास में करीब तीन लाख रुपए कीमत के तीन भूखंड, मनावर में 10 लाख 68 हजार रुपए कीमत का मकान, चार लाख रुपए नकद, एक लाख 69 हजार रुपए कीमत के जेवर सहित 31 लाख 94 हजार रुपए की अनुपातहीन संपत्ति राजसात करने के आदेश दिए।
प्रकरण में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक आर.एन. भार्गव ने पैरवी की।