नियमितीकरण की मांग को लेकर मनरेगा कर्मचारियों की हड़ताल जारी
नरवर | जनपद पंचायत के मनरेगा के कर्मचारी एवं अधिकारी 8 फरवरी से चल रही नियमितीकरण की मांग को लेकर इन दिनों हड़ताल पर हैं। बुधवार को तीसरे दिन भी हड़ताल जारी रही। मनरेगा के कर्मचारी संघ के अध्यक्ष एके चौकोटिया ने बताया कि 8 फरवरी से चल रही हमारी यह हड़ताल 14 फरवरी तक चलेगी। बुधवार को जनपद पंचायत प्रांगण में सरकार की बुद्धि शुद्धि के लिए हवन किया गया। इस पर समस्त रोजगार सहायक, उपयंत्री सहित मनरेगा के कर्मचारी शामिल थे। श्री चौकोटिया ने बताया कि गुरूवार को नरवर ब्लॉक के कर्मचारी जिले में होने वाले धरना प्रदर्शन में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि मनरेगा के कर्मचारी और अधिकारी अभी तक संविदा पर ही काम कर रहे हैं तथा वेतन भी कम मिल रहा है। मनरेगा के कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से पंचायत के विकास कार्य थम गए हैं। साथ ही मनरेगा के मजदूरों को मजदूरी के लिए गांव से बाहर जाना पड़ रहा है। हड़ताल में अनार सिंह यादव, वीरेंद्र गुर्जर, पुरुषोत्तम चौबे, सुभाष शर्मा, अतीक कुर्रैशी आदि कर्मचारी शामिल थे।