समग्र कार्य शुरू, ले रहे जानकारी
नगरपालिका परिषद द्वारा नगर में समग्र का कार्य शुरू किया गया है। इसके तहत सभी कर्मचारी नगर के हर वार्ड में जाकर जानकारी ले रहे हैं। नपा उपाध्यक्ष विजय यादव ने बताया परिषद के सभी कर्मचारी हर परिवार के बैंक खाते नंबर, आधार नंबर, समग्र नंबर, राशन कार्ड की जानकारी, नपा द्वारा दी जाने वाले पेंशन सहित अन्य जानकारी जुटा रहे हैं। आने वाले समय में सभी जनकल्याणकारी योजनाएं समग्र आईडी पोर्टल नंबर के आधार पर संचालित की जाएगी। उन्होंने सभी नगरवासियों से कार्य में सहयोग देकर जानकारी देने का आग्रह किया है।
नपा उपाध्यक्ष यादव ने बताया कर्मचारियों द्वारा जानकारी लाकर पोर्टल पर डाली जाएगी। इसके आधार पर हर परिवार के सदस्य को एक नंबर के जरिए जाना जाएगा। आने वाले समय में राशन भी पोर्टल नंबर के जरिए ही वितरित किया जाना है। सभी राशन की दुकानें आधार से लिंक होने के बाद ही उपभोक्ताओं को राशन मिलेगा। इसलिए परिवार के सभी सदस्यों की उचित जानकारी मिलना जरूरी हैैैै। इसी तरह सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धा अवस्था पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन, जन-धन योजना आदि के कार्य समग्र नंबर के जरिए ही किए जाएंगे। उन्होंने सभी वार्ड पार्षद और जनप्रतिनिधियों से कार्य में सहयोग करने का आग्रह किया है।
लोगों से परिवार की जानकारी जुटाते कर्मचारी।