युवक के पीछे दौड़ा तेंदुआ, बचाई जान
क्षेत्र के बोरसल और रतागढ़ के आसपास दो दिन से तेंदुआ दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को रतागढ़ के युवक को खेत में तेंदुआ दिखाई दिया। उसे देखते ही युवक खेत से भाग निकला। वहीं शनिवार को बोरसल के युवक के पीछे तेंदुए ने दौड़ लगा दी। युवक ने जैसे-तैसे भागकर जान बचाई। क्षेत्र में दो दिन से तेंदुआ दिखाई देने से लोग दहशत में हैं। डर के कारण किसान खेत नहीं जा रहे हैं। ग्रामीणों ने इससे वन विभाग के अफसरों को अवगत करा दिया है।
जानकारी अनुसार बोरसल निवासी युवक मिथुन कैलाश शनिवार शाम खेत से काम कर लौट रहा था। गांव के पास ही उसे तेंदुआ दिखाई दिया। मिथुन कुछ समझ पाता इससे पहले तेंदुए ने उसके पीछे दौड़ लगा दी। मिथुन ने जैसे-तैसे भागकर अपनी जान बचाई। कुछ दूर पीछा करने के बाद तेंदुआ रोड किनारे बैठ गया। मिथुन ने गांव पहुंचकर लोगों को घटना की जानकारी दी। इस पर गांव के मंगल सुखदेव, हरीश अशोक, राजपाल बट्टूलाल मौके पर गए। उन्होंने भी तेंदुए को सड़क किनारे बैठे देखा। कुछ देर बाद वह जंगल की ओर चला गया। इसी तरह शुक्रवार को रतागढ़ निवासी सचिन पंढरी को तेंदुआ दिखाई दिया। इस दौरान सचिन खेत में काम कर रहा था। तेंदुआ देखते ही वह खेत से भाग निकला। रतागढ़ के पूर्व सरपंच रवि अहिरे ने बताया दहशत के कारण किसान खेत भी नहीं जा रहे हैं। वन विभाग एसडीओ जेएस भार्गव ने कहा क्षेत्र के जंगल में तेंदुआ है। ग्रामीणों से इसके दिखाई देने की सूचना मिली है। जल्द ही कार्रवाई करेंगे।
बोरसल और रतागढ़ के आसपास दो दिन से दिख रहा तेंदुआ, डर के कारण किसान नहीं जा रहे खेत