- Hindi News
- 15 माह में भी नहीं बना सड़क का 100 मीटर का हिस्सा
15 माह में भी नहीं बना सड़क का 100 मीटर का हिस्सा
चांदनीसे बोरसल के बीच बनने वाली सड़क का निर्माण धीमी गति से चल रहा है। इससे लोगों को परेशानी झेलना पड़ रही है। सड़क की लागत 4.15 लाख रुपए है। हाल ही में ठेकेदार ने पूरी सड़क पर डामर की परत चढ़ाई है। लेकिन बीच में पड़ने वाली पुलिया के पास 100 मीटर में काम अधूरा छोड़ दिया है। परेशान हो रहे लोगों ने यहां निर्माण जल्द पूरा करने की मांग की है।
जानकारी अनुसार पिछले साल जुलाई में 3.5 किमी की इस सड़क के निर्माण के लिए वर्क आर्डर दिया गया था। निर्माण 10 महीने में पूरा किया जाना था। लेकिन 15 महीने बाद भी यहां काम अधूरा पड़ा है। यहां ठेकेदार मनमानी और लापरवाही कर रहा है। वहीं जिम्मेदार अफसर भी इसकी अनदेखी कर रहे हैं। ग्राम चांदनी के रोहिदास चौधरी ने कहा काम अधूरा होने के कारण सड़क पर गिट्टी फैल रही है। इस कारण यहां आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। श्री चौधरी सहित ग्रामीणों ने बताया ठेकेदार ने 30 फीट की पुलिया के पास काम अधूरा छोड़ दिया है। संकरी सड़क पर गिट्टी फैलने से बाइक सवार फिसलकर गिर रहे हैं। बन चुकी सड़क पर भी कई जगह गड्ढे हो गए हैं। इस पर ग्रामीणों ने निर्माण में लापरवाही बरतने और घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। मामले में लोक निर्माण विभाग के एसडीओ अनिल पटेल ने बताया दो -तीन दिन में निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
जगह-जगह हो गए गड्ढे।