पैनकार्ड की अनिवार्यता का विरोध किया
नेपानगर | अखिल भारतीय सराफा एसोसिएशन के राष्ट्रव्यापी बंद के आव्हान पर बुधवार को नगर के सराफा व्यवसायियों ने प्रतिष्ठान बंद रखी। केंद्र सरकार के पैन कार्ड की अनिवार्यता के निर्णय का विरोध जताया। प्रतिष्ठान बंद होने से नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र से आए लोगों को बिना खरीदारी के लिए लौटना पड़ा। एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोदसिंह चौहान, सचिव राजेंद्र भामरे ने बताया केंद्र सरकार ने 2 लाख या इससे अधिक की ज्वेलरी खरीदी और बिक्री पर पेन कार्ड की अनिवार्यता का नियम लागू किया है। यह गलत है। उन्होंने केंद्र सरकार के पेन कार्ड अनिवार्य कराने के निर्णय को अव्यवहारिक बताते हुए सराफा व्यवसाय के हित में इसे तत्काल वापस लेने की बात कही। इस दौरान शोभालाल जैन, धीरज डागा, कल्याणजी डागा, साधूसिंह, गणेश कोठारी, मनोहरलाल डागा, नरेंद्रसिंह सिकरवार सहित अन्य सदस्य शामिल थे।
खेत में घुसा तेंदुआ तो पेड़ पर चढ़ा युवक
नेपानगर | एक खेत में तेंदुआ घुस गया। तेंदुए को देखकर बकरी चरा रहा युवक पेड़ पर चढ़ गया। तेंदुए ने बकरी का शिकार किया। तेंदुए की खबर लगने पर वन विभाग के अफसर मौके पर पहुंचे। बुधवार शाम 4.30 बजे बीड़ में प्रेमनाथ यादव के खेत में तेंदूआ घुसा। इस दौरान 90 प्लाट एरिया निवासी चतुरसिंह बैंस बकरी चरा रहा था। इस दौरान तेंदुआ ने बकरी पर हमला कर दिया। चतुरसिंह पेड़ पर चढ़ गया। मौत के बाद तेंदुआ बकरी को खींचकर जंगल की ओर ले गया। घबराया युवक नीचे उतरा। गांव वालों और वन विभाग को खबर दी। मौके पर नेपा रेंजर भूपेंद्रसिंह सोलंकी सहित वन विभाग के जवान मौके पर पहुंचे। युवक के बयान लिए। पंचनामा बनाया।