- Hindi News
- बोलती पहाड़ी के अंधे मोड़ पर पलटा ट्रक, जाम लगा; क्रेन से हटाया ट्रक
बोलती पहाड़ी के अंधे मोड़ पर पलटा ट्रक, जाम लगा; क्रेन से हटाया ट्रक
इंदौर-इच्छापुरहाईवे की बोलती पहाड़ी के अंधे मोड़ पर ट्रक पलट गया। इससे ड्राइवर-क्लीनर घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस 108 मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को अधिक चोट नहीं आने के कारण उन्हें अस्पताल नहीं ले जाया गया। दोनों का मौके पर ही इलाज किया गया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। इससे देर तक लोग परेशान होते रहे। अशोका ग्रुप की क्रेन से ट्रक को हटाने के बाद यहां से आवाजाही शुरू हो सकी। हादसा बुधवार सुबह 7 बजे हुआ।
जानकारी अनुसार ट्रक आरजे-02 जीए-6892 टायर सामग्री लेकर हैदराबाद से राजस्थान के रेवाड़ी जा रहा था। इंदौर-इच्छापुर हाईवे की बोलती पहाड़ी के पास सामने से अचानक कंटेनर गया। इसको बचाने के प्रयास में ट्रक का संतुलन बिगड़ गया। मेवाड़ (राजस्थान) निवासी ड्राइवर जफर जोरू खान संभाल पाता इससे पहले ट्रक अंधे मोड़ पर पलट गया। इससे जफर और क्लीनर अनवर खान घायल हो गए। जफर को हाथ-पैर और अनवर को अंदरूनी चोट आई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पहुंची एंबुलेंस के ड्राइवर और स्टाफ ने दोनों का मौके पर ही प्राथमिक इलाज किया।
दोनों तरफ फंसे रहे 100 से अधिक वाहन
ट्रक के बीच हाईवे पर पलटने से यहां जाम लग गया। दोनों तरफ करीब 100 से अधिक वाहनों की कतार लग गई। इनमें बस, ट्रक, कार सहित कई वाहन शामिल थे। बाइक सवार तो जैसे-तैसे निकल गए। लेकिन बड़े वाहन चालकों को परेशानी हुई। सबसे अधिक फजीहत बस में बैठे यात्रियों को झेलना पड़ी। हादसे की सूचना मिलने पर सुबह 10.30 बजे अशोका ग्रुप की क्रेन मौके पर पहुंची। आधा घंटे की मशक्कत बाद ट्रक को हाईवे से उठाकर खड़ा किया गया। इस दौरान यहां वाहनों की आवाजाही थमी रही। ट्रक हटाने के बाद हाईवे से यातायात सुचारू हो सका।
इंदौर-इच्छापुर हाईवे की बोलती पहाड़ी के अंधे मोड़ पर पलटे ट्रक को क्रेन से उठाया गया।