‘मेक इन इंडिया’ के सेट पर लगी भीषण आग
भास्कर न्यूज नेटवर्क | मुंबई
‘मेक इन इंडिया सप्ताह’ के दूसरे दिन गिरगांव चौपाटी पर चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम के सेट पर रविवार रात भीषण आग लग गई। घटना के वक्त मंच के पास राज्यपाल सीवी राव, सीएम देवेंद्र फडणवीस, उद्धव ठाकरे, अमिताभ बच्चन, हेमा मालिनी, आमिर खान सहित कई वीवीआईपी मौजूद थे। आग के कुछ ही मिनट पहले अमिताभ-हेमा कार्यक्रम पेश कर स्टेज से उतरे थे। किसी के हताहत होने का समाचार नहीं है।
इस कार्यक्रम के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट के रोक लगाने के बाद महाराष्ट्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट की शरण ली थी। सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले पर रोक लगाते हुए 3 फरवरी के फैसले में इस कार्यक्रम की मंजूरी दे दी थी। 2005 में हाईकोर्ट की एक कमिटी ने गिरगांव चौपाटी कार्यक्रम, समारोह के आयोजन के लिए गाइडलाइन तय की थीं।
‘मेक इन इंडिया सप्ताह’ के दौरान महाराष्ट्र की संस्कृति को दर्शाने वाला ‘महाराष्ट्र रजनी’ कार्यक्रम चल रहा था। तभी आग लगी और भीषण रूप ले लिया। अमिताभ-हेमा के स्टेज से उतरते ही मराठी फिल्म अभिनेत्री पूजा सावंत ‘लावणी’ डांस का कार्यक्रम पेश कर रही थीं। उसी वक्त मंच के नीचे आग लगनी शुरू हुई, जो कुछ मिनटों में भीषण रूप में तब्दील हो गई। चूंकि कार्यक्रम गिरगांव चौपाटी पर था, लिहाजा समुद्र तरफ से आ रही तेज हवाओं ने आग को और भड़का दिया। हालांकि, आगजनी के कुछ मिनटों बाद ही फायर ब्रिगेड घटना स्थल पहुंच चुकी थी।