मिट्टी मिले सीमेंट से बना रहे साइड पटरी की नाली
सिरपुर(बुरहानपुर) | सिरपुर मेन रोड निर्माण के बाद अब इसके दोनों ओर नाली बनाई जा रही है। लेकिन ग्रामीणों ने इसमें मिट्टी मिले सीमेंट का उपयोग करने का आरोप लगाया है। इसको लेकर ग्रामीणों ने आक्रोश जताया और निर्माण कार्य की जांच करने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया पाथ इंडिया कंपनी के कर्मचारी नाली निर्माण में मिट्टी मिला सीमेंट और मुरूम का उपयोग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा इसकी साइड में पेयजल पाइप लाइन बिछी है। पत्थर और मुरूम डालने से पाइप लाइन फूट सकती है। मिट्टी मिले हुए माल का उपयोग मत करो।
लेकिन कर्मचारियों ने फिर भी अपने अनुसार काम किया। कर्मचारियों ने कहा हम तो ऐसे ही निर्माण करेंगे। आपको जो करना है कर लो। ग्रामीण पवन चौकसे, धीरज चौकसे, रूपेश पाटील, छगन सपकाले ने बताया कंपनी के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण इससे पहले भी मुसीबत झेलना पड़ी है। पहले इन्होंने पेयजल लाइन फोड़ दी थी। इससे लोगों को आठ दिन तक पानी नहीं मिल सका था। अब नई पाइपलाइन डाली है। इसके पास नाली बनाने के लिए पत्थर, मिट्टी डाले जा रहे हैं। इससे पेयजल लाइन फिर फूट सकती है। नाली भी कच्ची बनेगी। जिम्मेदार अफसरों को इस ओर ध्यान देकर निर्माण की जांच करना चाहिए।