डेढ़ महीने में दो बार नापी तिरछी पुलिया
नगरीयप्रशासन विभाग इंदौर की टीम ने गुरुवार तिरछी पुलिया का निरीक्षण किया डेढ़ महीने में दूसरी बार हुए निरीक्षण में अफसरों ने पुलिया मार्ग की नपती की। गुरुवार दोपहर 12 बजे से करीब दो घंटे अफसरों ने नपती कर आकड़ों को रजिस्टर में लिखा। साथ ही पुलिया में आई दरारों की भी जांच की गई। डामरीकरण दरारों की मरम्मत नहीं होने पर उन्होंने रोष जताया।
नगरीय प्रशासन विभाग इंदौर के एई रवींद्र गगराड़े, प्रभारी एई एचएल वर्मा, प्रभारी एई प्रमोद जैन ने पुलिया निर्माण की गुणवत्ता परखी। करीब डेढ़ महीने पहले हुए निरीक्षण के दौरान अफसरों ने पुलिया पर डामरीकरण कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अब तक डामरीकरण नहीं हुआ है। साथ ही दरारों को भी भरने की बात कही थी, लेकिन अब तक कार्य नहीं किया गया है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार पूर्व के स्टीमेट से लागत राशि में वृद्धि के चलते अफसर पुलिया एप्रोच रोड के िनर्माण की लंबाई चौड़ाई की नपती के लिए शहर आए थे। अफसरों ने स्वीकृत नक्शे से पुलिया निर्माण की जांच की। ताकि आगामी कार्रवाई की जा सके। इस दौरान नपा इंजीनियर प्रदीप गंगराड़े, एचएन पाटीदार अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
तिरछी पुलिया की नपती करता नगरीय प्रशासन का अमला।