- Hindi News
- जांच में कॉपी का सैंपल पास, विद्यार्थियों ने फूंका कुलसचिव का पुतला
जांच में कॉपी का सैंपल पास, विद्यार्थियों ने फूंका कुलसचिव का पुतला
देवीअहिल्याबाई यूनिवर्सिटी ने पीजी कॉलेेज की साइंस फैकल्टी के चौथे सेमेस्टर के रिजल्ट को जायज ठहराया है। यूनिवर्सिटी ने कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एनएल गुप्ता को खत लिखकर शुक्रवार को यह जानकारी दी है। यूनिवर्सिटी ने बताया है रेंडमली जांच का सैंपल पास हो गया है। नतीजतन अब विद्यार्थियों के सामने दो ही रास्ते हैं या तो रिजल्ट को मान लें या फिर फीस जमा कर रिवेल्युएशन फॉर्म भरें। इस बात से विद्यार्थी भड़क गए और उन्होंने यूनिवर्सिटी के कुलसचिव आर.डी. मुसलगांवकर का पुतला फूंका और रोष जताया।
बीएससी चौथे सेम में खराब रिजल्ट के बाद विश्वविद्यालय ने सेंपलिंग रिव्यू का आश्वासन दिया था। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने सेंपलिंग रिव्यू किया, लेकिन पहले से घोषित रिजल्ट में कोई सुधार नहीं हुआ। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल शर्मा ने कॉलेज प्राचार्य को पत्र भेजकर इसकी सूचना दी। रिजल्ट में सुधार नहीं होने पर कॉलेज परिसर में नारेबाजी कर विवि के कुलसचिव डॉ. आर.डी. मुसलगांवकर का पुतला फूंका। इस दौरान रिया वाणी, सोनाली जमरे, नवीन गोयल, राहुल पाटीदार, अमरदीप वर्मा, शरद राजपूत, ललित भटोरे आदि मौजूद थे।
कॉलेज परिसर में कुलसचिव का पुतला फूंककर विरोध जताते विद्यार्थी।