रेलवे ट्रैक का काम अधूरा, खेत जाने का रास्ता भी बंद
इंदौर-दाहोद रेलवे लाइन के लिए पीथमपुर में बन रहे ट्रैक का अधूरा कार्य लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। ट्रैक के कारण जहां खेतों पर जाने के लिए किसानों के रास्ते बंद हो गए हैं। वहीं बोगदे पर ब्रिज नहीं होने से इन पर चढ़कर वाहन पलट रहे हैं।
सागौर-आगरा ट्रैक पर कई कार्य तो स्टेशन से अकोलिया तक 6 बोगदों का काम अधूरा हैं। बोगदों पर ब्रिज नहीं बनाया गया है। इस रूट पर 10 नाले हैं जिससे वाहन नहीं जा सकते। पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष रामनारायण चौधरी ने बताया पिछले दिनों आलू से भरा ट्रैक्टर पलट गया था। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन अकसर वाहन पलटने की घटनाएं हो रही हैं। रेलवे विभाग लोगों की सुविधाओं पर ध्यान नहीं दे रहा है। अधूरा ब्रिज होने से बाइक सवार की भी मौत हो चुकी है। किसानों को खेतों में पहुंचने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों का कहना है रेलवे का काम ही शुरू हुआ है। जब ट्रैक शुरू होगा तब और परेशानियां होंगी। बोगदों पर ब्रिज बने तो आवागमन आसान होगा।
बोगदे बारिश के पानी की निकासी के लिए हैं
बोगदे बारिश के पानी की निकासी के लिए हैं। इस पर से वाहन नहीं गुजरने चाहिए। ट्रैक से बड़े वाहनों के गुजरने पर थाने में शिकायतें दर्ज की गई हैं। ए.पी. वर्मा, एक्जीक्यूटिव इंजीनियर, रेलवे विभाग
चर्चा कर निराकरण करेंगे
किसानों और रेलवे विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर समस्या का निराकरण करेंगे। जितेंद्रसिंह, एसडीएम
पीथमपुर. रेलवे विभाग ने इस तरह पुल का अधूरा निर्माण किया है। इससे वाहन पलटने की दुर्घटनाएं हो रही हैं।