सरकार की सद्बुद्धि के लिए किया यज्ञ
राजगढ़ में निकली कीर्तन यात्रा, हवन में सैकड़ांे ने डाली आहुतियां, भजन भी हुए
भास्कर संवाददाता | राजगढ़/कालीबावड़ी
हिंदू जागरण मंच राजगढ़ ने शुक्रवार को वसंत पंचमी के अवसर पर कीर्तन यात्रा निकाली। यात्रा माताजी मंदिर से प्रारंभ हुई और प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः माताजी मंदिर पर समाप्त हुई। यहां हिंदू जागरण मंच ने सरकार की सद्बुद्धि के लिए हवन किया। कीर्तन यात्रा में बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता हाथों में भगवा ध्वज लेकर शामिल हुए। वे भगवान के नाम के जयकारे भी लगा रहे थे।
यात्रा की समाप्ति पर माताजी मंदिर चौक पर हिंदू जागरण मंच ने सद्बुद्धि यज्ञ किया। हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने लोगों को संबोधित किया। यात्रा में हिंदू जागरण मंच के जितेंद्र बगड़िया, अंतिम ठाकुर, प्रीतम ठाकुर, ललित कोठारी, बाबूलाल हामड़, अशोक ठाकुर और भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन बानिया, मंडल महामंत्री गोपाल सोनी, रवि त्रिवेदी, पार्षद नारायण वैष्णव आदि सैकड़ों हिंदू युवा उपस्थित थे।
कालीबावड़ी में शोभायात्रा निकाली, हवन किया
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने नगर में शोभायात्रा निकाली। यात्रा में मां वैष्णो देवी व सरस्वती की प्रतिमा को लेकर कार्यकर्ता चल रहे थे। गणगौरी चौक पर धर्म सभा हुई। यहां हुए हवन में सैकड़ों लोगों ने आहुति डाल कर वैष्णो देवी की प्रतिमा को गौशाला में स्थापित करने का संकल्प लिया। संघ के जिला कार्यवाहक महेंद्र पाटीदार ने कहा हिंदू हमेशा शांति से रहना पसंद करते हैं।
बाग : वाग्देवी मां सरस्वती के चित्र का पूजन किया
बाग| वसंत पंचमी पर हिंदू संगठनों ने शौर्य यात्रा निकाली। बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। यात्रा की शुरुआत जबरेश्वर मंदिर से हुई। यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई रणछोड़ मंदिर पहुंची। मंदिर के समीप नगर सेठ के बगीचे पर धर्मसभा और हवन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने वाग्देवी मां सरस्वती के चित्र का पूजन-अर्चन कर हवन में आहुति डाली। यात्रा के पूर्व सुबह 11 बजे से शाम तक लोगों ने स्वेच्छा से व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखे।
बाग. शौर्य यात्रा में बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।