दो बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर व्यापारी से छीना नोटों से भरा बैग
साप्ताहिक हाट बाजार में दो अज्ञात बदमाश पिस्तौल दिखाकर व्यापारी का नोटों से भरा बैग छीन कर ले गए। घटना राजगढ़ से 13 किमी दूर सरदारपुर थाने के ग्राम जोलना में शुक्रवार सुबह 9 बजे विकलांग अनाज व्यापारी के साथ हुई। शोर मचाने पर कुछ लोग बाइक सवार बदमाशों के पीछे भागे। लोगों को देख घबराए बदमाशों ने पहले तो हवाई फायर किए और बाद में नोट सड़क पर फेंक कर फरार हो गए।
ग्राम मौलाना के अनाज व्यापारी जवरचंद हाट बाजार में स्वास्थ्य केंद्र के बाहर त्रिपाल बिछाकर पैसों से भरा बैग अपने पैरों में दबाए बैठे थे। तभी दो बदमाश उनके पास आए। एक बदमाश ने पिस्तौल दिखाकर उनसे बैग छीन लिया। दूसरे से शॉल में बैग छिपाया और दोनों कालीकराय मार्ग की ओर भाग गए। यहां पर उनका एक साथी बाइक लिए खड़ा था। तीनों बाइक पर सवार होकर भागने लगे।
युवकों के पीछा करने पर नोट सड़क पर फेंक गए
घटना के बाद जवरचंद ने शोर मचाया, जिसे सुन मौलाना ग्राम के कालू हरकचंद फौजी और उसका भाई रमेश फौजी ने बाइक से जोलना के मजरे पांच पिपलिया तक बदमाशों का पीछा किया। इस बीच बदमाशों ने हवाई फायर भी किया, पर दोनों भाइयों ने पीछा नहीं छोड़ा। यह देख घबराए बदमाशों ने पहले खाली बैग फेंका और फिर एक-एक कर नोटों की गडि्डयां सड़क पर फेंकते गए। इस दौरान बदमाश छोटा कोठड़ा के पथरीले मार्ग की ओर बढ़ गए। यहां पर उनकी बाइक की चेन टूट गई। वे बाइक वहीं छोड़ कर भाग निकले। सूचना मिलते ही एसडीओपी गौरीशंकर चढ़ार और एसडीएम शैलेंद्रसिंह सोलंकी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। व्यापारी ने बताया कि बैग में 1 लाख 29 हजार 500 रुपए थे। इसमें से 500 रु. गायब हुए बाकी पैसा उन्हें मिल गया। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
राजगढ़. पुलिस अधिकारी को घटना की जानकारी देता व्यापारी।