सब्जी मंडी से दुकान हटाने सुबह 4 बजे पहुंचा अमला
रविवार सुबह 4 बजे प्रशासनिक अमला मेला मैदान पर लगे थोक सब्जी व्यापारियों को हटाने के लिए पहुंचा। इसे देख किसानों व सब्जी व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। करीब 7 बजे तक चले हंगामे के बाद आजाद प्रतिमा चौक पर बाजार लगाने का निर्णय लिया गया।
सब्जी बाजार स्थान परिवर्तन को लेकर प्रशासन ने शनिवार को मुनादी व सूचना देकर बड़वानी रोड स्थित मिर्च मंडी में सब्जी बाजार लगाने की बात कही। इसके बाद नगर में रविवार को सुबह 4 बजे सब्जी बाजार हटाने पहुंचे प्रशासनिक अफसरों को महिलाओं, किसानों व व्यापारियों को विरोध का सामना करना पड़ा। मेला मैदान डाक बंगले के सामने लगाए जा रहे सब्जी बाजार के रास्ते पर प्रशासनिक अफसरों व पुलिस ने सुबह 4 बजे से बेरिकेड्स लगाकर रास्ता बंद कर दिया। इसे देख व्यापार करने आए व्यापारियों व किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे को देखते हुए एसडीएम डॉ. अभयसिंह खरारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने चर्चा कर किसानों को शांत किया। सब्जी व्यापारियों व महिलाओं ने बताया बाजार को हटाकर स्थानीय कृषि उपज मंडी में भेजा जा रहा है। जो नगर के बाहर स्थित है। वहां तक सब्जी लाने व ले जाने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। सब्जी के परिवहन के लिए भाड़ा भी ज्यादा चुकाना पड़ेगा। थोक सब्जी बाजार सुबह 4 बजे से खुलता है। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं होती हैं। नगर के बाहर स्थित मिर्च मंडी में महिलाओं की सुरक्षा पर खतरा बना रहेगा।
आजाद प्रतिमा चौक पर लगेगा थोक सब्जी बाजार
एसडीएम डॉ. खरारी ने बताया मिर्च मंडी में थोक बाजार लगाने के निर्णय पर किसानों ने परेशानी बताई। इस पर किसानों व व्यापारी से चर्चा कर बाजार स्थानीय आजाद प्रतिमा चौक पर लगने का निर्णय लिया। इसके बाद व्यापारी व किसान शांत हुए। गुरुवार को लगने वाला हाट बाजार मेला मैदान पर ही लगाया जाएगा।
व्यवस्था के बाद बदलें बैल बाजार का स्थान
भारतीय किसान संघ ने एक दिन पहले ज्ञापन देकर समस्या का निराकरण करने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि- बैल बाजार नियमित स्थान से हटाकर हाट बैड़ी किया है। इसमें भारतीय किसान संघ सहमत है, लेकिन फिलहाल की स्थिति में इस स्थान पर सुविधा कुछ भी नहीं है। पहले इस स्थान को सुरक्षित करें और पर्याप्त व्यवस्था करें। इसमें बाउंड्रीवाल, पीने के पानी की व्यवस्था, पशुओं के लिए पीने के पानी की व्यवस्था, मैदान का साफ होना, व्यापारियों व किसानों के रात्रि विश्राम की व्यवस्था, पशुओं को छाया की व्यवस्था की जाए। उसके बाद ही पशु बाजार व मंडी का स्थानांतरण किया जाए। इस दौरान भारतीय किसान संघ प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्र वल्लभ शर्मा, नगर अध्यक्ष भागीरथ सुराणिया, प्रांतीय उपाध्यक्ष दयाराम पाटीदार, तहसील अध्यक्ष मंशाराम पंचोले, तहसील मंत्री मोहन यादव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
विरोध के दौरान एसडीएम डॉ. अभयसिंह खरारी से चर्चा करते किसान।