- Hindi News
- जूते पहनकर नहीं आए 150 बच्चों को स्कूल से बाहर किया
जूते पहनकर नहीं आए 150 बच्चों को स्कूल से बाहर किया
भास्कर संवाददाता|बुरहानपुर नवरात्रिके दूसरे दिन शुक्रवार को उपवास के कारण 150 विद्यार्थी बिना जूते पहने नया मोहल्ला स्थित आदर्श विद्यापीठ पहुंचे। इस पर प्राचार्य साधना शाह ने उन्हें स्कूल से बाहर कर दिया। विद्यार्थियों ने घर लौटकर पालकों को यह बात बताई। इस पर पालक विरोध दर्ज कराने स्कूल पहुंच गए। डेढ़ घंटे तक पालक और प्राचार्य के बीच बहस चली। कुछ पालकों ने डीईओ आरएल उपाध्याय को शिकायत की। डीईओ ऑफिस से ज्योति खत्री ने पहुंचकर दोनों पक्षों की बात सुनी। शुक्रवार सुबह 8 बजे विद्यार्थी स्कूल पहुंचे। कई छात्र-छात्राएं जूते पहनकर नहीं आए।
यह देखकर प्राचार्य साधना शाह और विद्या नागर ने उनसे जूते नहीं पहनने का कारण पूछा। विद्यार्थियों ने नवरात्रि का उपवास होना कारण बताया। इस पर प्राचार्य ने कहा स्कूल के नियम से चलना पड़ेगा। प्राचार्य शाह ने सबको स्कूल से बाहर कर दिया। श्रुति दलाल, रक्षा अनूप यादव, ऐश्वर्या अजीत चौधरी, संजय रामेश्वर सहित 150 बच्चे घर लौट गए। उन्हें लौटाने का कारण पता चलने पर पालक आक्रोशित हो गए। वे स्कूल पहुंचे। राजपुरा निवासी 7वीं की मुस्कान भगत ने चाचा राजेश भगत को प्राचार्य की मनमानी बताई। स्कूल पहुंचकर राजेश भगत ने मनमानी का विरोध किया।