- Hindi News
- कुकरा भीलखेड़ा बसाहट में झा आयोग ने देखी व्यवस्थाएं
कुकरा भीलखेड़ा बसाहट में झा आयोग ने देखी व्यवस्थाएं
फर्जीरजिस्ट्री एवं पुनर्वास स्थलों के निरीक्षण के लिए झा आयोग के सदस्य बुधवार दोपहर में कुकरा भीलखेड़ा बसाहट पहुंचे। उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक दोनों बसाहटों की व्यवस्थाएं देखी। अव्यवस्था पर नाराजगी भी जताई। आयोग सदस्य धार जिले से निरीक्षण कर शहर पहुंचे थे। आयोग अध्यक्ष न्यायमूर्ति एसएस झा ने अन्य सदस्यों के साथ बसाहट स्थलों का निरीक्षण कर लोगों से चर्चा की। उन्हें पुनर्वास स्थल पर भवन क्षतिग्रस्त मिले। भीलखेड़ा में पंचायत भवन का दुरुपयोग करने नाराजगी भी जताई।
नर्मदा बचाओ आंदोलन के सदस्य राहुल यादव ने बताया झा आयोग का दल बुधवार दोपहर 12 बजे सर्किट हाउस पहुंचे। यहां से चाय-नाश्ता कर 1.30 बजे कुकरा बसाहट पहुंचे। यहां किए गए निर्माण स्थलों का जायजा लिया। प्रायमरी स्कूल भवन की दीवार क्षतिग्रस्त मिली। 2013 में पानी आने से क्षतिग्रस्त हुए बीज गोदाम का भी निरीक्षण किया। लोगों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी। ग्रामीणों ने बसाहट क्षेत्र में गलत तरीके से नाली निर्माण के चलते प्लॉट में पानी जमा होने की समस्या बताई। साथ ही उनके घरों में भी पानी घुस जाता है। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुकरा में लोगों की समस्याएं सुनने के बाद दल करीब 2.15 बजे भीलखेड़ा पुनर्वास स्थल का निरीक्षण करने पहुंचा। यहां 2002 में बने स्कूल भवन 2006 में शिक्षा विभाग को हैंडओवर किया गया था। जबकि 2003 में यह भवन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त था। इसे शिक्षा विभाग ने दुरुस्त कराकर रंगरोगन कराया। निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन बीज गोदाम का कुछ लोग उपयोग करते मिले। श्री यादव ने बताया 2007 में नर्मदा बचाओ आंदोलन ने फर्जी रजिस्ट्री के मामले में केस लगाया था। 2008 में फर्जी रजिस्ट्री की जांच करने के आदेश दिए थे। साथ ही बड़वानी, खरगोन, धार, देवास, झाबुआ अालीराजपुर खंडवा के पुनर्वास स्थल निर्माण के लिए सरकार को जो बजट दिया गया था, उससे कम लागत में निर्माण किया गया है। शिकायत के चलते झा आयोग के सदस्यों ने वस्तुस्थिति देखी। श्री यादव ने बताया आयोग के सदस्यों ने चर्चा में कहा जांच रिपोर्ट बनाकर हाईकोर्ट में पेश की जाएगी। भीलखेड़ा में झा आयोग के सदस्यों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वापस लौटने के दौरान जगह कम होने से वाहन काे टर्न लेने में कर्मचारी परेशान नजर आए। इससे दल में शामिल सदस्यों को वाहन तक पैदल जाना पड़ा। करीब 3 बजे दल बड़वानी सर्किट हाउस पहुंचा। भोजन कर शाम 4.30 बजे इंदौर के लिए रवाना हो गए। दल में एडीजे आयोग सचिव बीपी शर्मा, संयुक्त कलेक्टर आरएस वर्मा, एडीएम आनंद जैन, ईई श्री रांगणेकर, भू-अर्जन अधिकारी हृदयेश श्रीवास्तव, तहसीलदार लाखनसिंह चौधरी सहित एनवीडीए अफसर उपस्थित थे।
भीलखेड़ा बसाहट में निरीक्षण करते झा आयोग के सदस्य।