19 वाहनों से वसूला 18500 रुपए जुर्माना
10 वाहन किए जब्त परिवहन अफसर ने कुक्षी बायपास पर की जांच
ट्रांसपोर्टरिपोर्टर| बड़वानी
आलीराजपुरआरटीओ जगदीश बिल्लौरे को दो दिन पहले ही बड़वानी जिले का भी प्रभार मिला है। जिम्मेदारी मिलने के साथ ही श्री बिल्लौरे ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार उन्होंने छह घंटे कुक्षी बायपास पर वाहनों की जांच की। इस दौरान दस्तावेजों की कमी से 19 वाहन चालकों से 18 हजार 500 रुपए जुर्माना वसूला। वहीं टैक्स जमा नहीं कराने पर 10 वाहन जब्त किए गए। पूर्व आरटीओ सुनीलकुमार शुक्ला का पिछले दिनों इंदौर स्थानांतरण हो गया है। विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार श्री बिल्लौरे को बड़वानी जिले का अतिरिक्त प्रभार मिला है। श्री बिल्लौरे ने कुक्षी बायपास पर बुधवार दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक वाहनांे की जांच की। विभाग के सहायक अधिकारी सुरेशकुमार मालवीया ने बताया श्री बिल्लौरे ने प्रभार संभालने के साथ विभागीय कार्यों जिले की जानकारी ली। साथ ही बुधवार से उन्होंने चालानी कार्रवाई की है। शहर से लगे कुक्षी बायपास पर बुधवार दोपहर 12 बजे से वाहनों की जांच शुरू की गई। इसमें छोटे-बड़े वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच की। दस्तावेजों में कमी मिलने पर 19 वाहनों से 18 हजार 500 रुपए जुर्माना वसूला किया गया। कई वाहन चालकों को हिदायत देकर छोड़ दिया गया। टैक्स जमा नहीं कराने पर 10 वाहन जब्त किए गए। वाहन मालिक द्वारा टैक्स जमा कराने के बाद ही छोड़ा जाएगा। आरटीओ श्री बिल्लौरे ने बताया परिवहन आयुक्त के निर्देश पर सभी जिलों में वाहनों की जांच की जा रही है। साथ ही बकाया टैक्स भी जमा कराया जा रहा है। वाहन चालक कार्रवाई से बचने के लिए समय पर टैक्स जमा कराएं। आगामी दिनों में भी कार्रवाई जारी रहेगी।
हाईवे पर वाहनों के कागजों की जांच करते आरटीओ जगदीश बिल्लौरे।