स्टॉकिस्टों की लेवाली निकलने से कालीमिर्च में रहा उछाल
केरल एवं कर्नाटक की मंडियों के मजबूत समाचार आने से कालीमिर्च मरकरा पांच रुपए बढ़कर 665 से 675 रुपए किलो हो गई। ऊंझा मंडी के तेज समाचार से जीरा एवरेज 200 रुपए की बढ़त लेकर 12700 से 12800 रुपए क्विंटल पर जा पहुंचा।
आयातकों द्वारा और भाव बढ़ा देने से पोस्तदाना 10 रुपए और छलांग लगाकर चाइना व तुर्की माल के भाव 470 रुपए किलो के ऊंचे स्तर पर पहुंच गए। मगज तरबूज भी 4 से 5 रुपए सुधरकर 122 से 125 रुपए किलो हो गया। बादाम गिरी कैलिफोर्निया पांच रुपए टूटकर 635 से 640 रुपए किलो रह गई।
अनाज-दाल: एमपी-राजस्थान की मंडियों से मक्की की आपूर्ति गत दो दिनों के अंतराल में 50 फीसदी घट जाने से हरियाणा-पंजाब पहुंच में मक्की 50 रुपए बढ़कर बिक गई। राजपुरा एवं पानीपत पहुंच में भुगतान के हिसाब से 1725 से 1750 रुपए में व्यापार हो गया।