गौरी देती है 15.65 लीटर दूध
बावड़ीखेड़ी की गौरी को पहला इनाम मिला।
भास्कर संवाददाता. बड़वाह
उन्नत नस्ल के भारतीय गोवंश पालन को बढ़ावा देने के लिए राज्य शासन गोपाल पुरस्कार स्पर्धा का आयोजन करता है। विकासखंड स्तरीय स्पर्धा के परिणाम शनिवार को कृषि उपज मंडी में घोषित हुए। इसमें 15.65 लीटर दूध देकर बावड़ीखेड़ा की गिर नस्ल की गौरी ब्लाक में सबसे ज्यादा दूध देने वाली गाय के रूप में चयनित की गई। इसके पशुपालक पवन बद्रीलाल मोरे को प्रथम पुरस्कार दिया।
द्वितीय पुरस्कार देवीसिंह मंगूजी निवासी रामगढ़ की गाय को मिला। उसने कुल 14 लीटर दूध दिया। 11 लीटर दूध देकर गोवर्धन बाबूजी निवासी डाल्याखेड़ी की गाय तृतीय स्थान पर रही। पशुपालन विस्तार अधिकारी डॉ. सुरेश बघेल ने बताया 15 सितंबर तक स्पर्धा के लिए 8 किसानों के आवेदन आए थे। इसके बाद गोपालकों को गुरुवार शाम मंडी प्रांगण में बुलाया था। शुक्रवार सुबह, शाम और शनिवार सुबह तीन समय तक इन सभी गायों का दूध निकालकर जोड़ने पर सर्वाधिक दूध देने वाली तीन गायों को पुरस्कृत किया। प्रथम पुरस्कार 10 हजार, द्वितीय को साढ़े 7 हजार तृतीय को 5 हजार रुपये की राशि के चेक दिए जाएंगे।
राज्यस्तरपर मिलेंगे दो लाख रुपए
श्रीबघेल ने बताया स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त गाय को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भेजा जाएगा। यहां चयनित होने के बाद राज्य स्तर पर स्पर्धा में भाग लेने का मौका मिलेगा। तब प्रथम आने पर दो लाख रुपए इनाम मिलेगा।