मिर्च की खड़ी फसल पर चलाया रोटावेटर
मिर्च के पौधों पर बीमारी लगने से किसानों ने रोटावेटर चलाया।
भास्कर संवाददाता|बालसमुद
मिर्चफसल पर वायरस के प्रकोप के चलते क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांव के किसान फसल को बचाने में लगे हैं। कुछ किसानों ने हताश होकर तीन माह की फसल पर रोटावेटर चला दिया। रेगवां के किसान ओमप्रकाश पटेल, जितेंद्र साद, दशरथ पटेल पथोरा के कमलेश मालवीय नयनसिंह सोनेर ने बताया हजारों रुपए खर्च करने के बाद मिर्च के पौधे तैयार किए थे। वायरस के प्रकोप से पूरी फसल बर्बाद हो गई। किसान जितेंद्र साद ने दो एकड़ रकबे में मिर्च फसल तैयारी की थी इसमें उन्हें करीब 35 हजार रुपए का खर्च आया। उन्होंने मात्र तीन हजार रुपए की मिर्च बेची। श्री साद ने बताया कई तरह के प्रयास करने के बावजूद भी फसलों को नहीं बचा पा रहे हैं। हताश होकर पूरी फसल पर रोटावेटर चला दिया। सलीमपुरा, रुपखेड़ा, बामंदी, रेगवां पथोरा में अधिक नुकसान हुआ है। कृषि अधिकारी उनके खेतों तक नहीं पहुंचे। हालांकि सोनखेड़ी क्षेत्र में कुछ किसानों ने उच्च क्वालिटी के बीज लगाए हैं उन पर अभी तक वायरस अटैक नहीं कर पाया।