बुजुर्ग किसान की दो एकड़ जमीन हड़प ली
ग्रामबिंजलवाड़ा में एक व्यक्ति ने 90 साल के बुजुर्ग किसान के साथ धोखाधड़ी की। अनपढ़ होने का फायदा उठाते हुए उसने बुजुर्ग किसान को पाइप लाइन के लिए लोन दिलाने के नाम पर जमीन के कागजात पर हस्ताक्षर करा लिए। जमीन की तीन बार पॉवर ऑफ अटर्नी बनाने के बाद दो बार विक्रय पत्र की सौदा चिट्ठी भी तैयार करा ली। जब इस बात का पता किसान के बेटे को चला तो वह वकील के पास पहुंचा। रविवार शाम मामले की शिकायत सनावद थाने में की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित किसान के बेटे संतोष ने बताया कन्हैया नामक व्यक्ति ने पाइप लाइन के नाम पर रुपए दिलाने की बात पर पिता से पॉवर आॅफ अटर्नी धोखे से लिखवा ली। करीब दो एकड़ जमीन का बाजार मूल्य 6.48 लाख रुपए है, लेकिन इसे विक्रय पत्र में 1.50 लाख बताया गया। जबकि हमें एक रुपया नहीं मिला। हमने जमीन उसे बेची ही नहीं है।
पीड़ित 90 वर्षीय बुजुर्ग किसान की हालत नाजुक है।
वकील के पास पहुंचा पीड़ित किसान, पुलिस में कराई शिकायत
अपने साथ धोखाधड़ी होने की जानकारी लगने पर पीड़ित अपने 90 वर्षीय पिता माधव को लेकर वकील के पास पहुंचा। पिता की हालत काफी नाजुक है। अधिवक्ता ज्याेति येवतीकर ने बताया संतोष नामक व्यक्ति हमारे पास आया। प्राथमिक रूप से मामला धोखाधड़ी का लग रहा है। 90 साल के बुजुर्ग काे आंखों से दिखाई नहीं देता। संतोष ने कहा पाइप लाइन के नाम पर व्यक्ति तीन साल तक पॉवर ऑफ अटर्नी बनाता रहा। दोनों पिता-पुत्र अनपढ़ हैं। उन्हें कार्रवाई के लिए पुलिस में शिकायत के लिए भेजा है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।