दान की राशि से बदल दी आशाधाम की तस्वीर
झाड़ियों से ढंके क्षेत्र को बनाया खेल मैदान
अमितजोशी|बड़वाह
नगरसे 3 किमी दूर काटकूट फाटा स्थित उपजेल के पास कुष्ठ रोगियों के लिए बसाए आशाधाम की तस्वीर बदल गई है। इससे पहले यह बदहाल स्थिति में था। जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. चंद्रजीत सांवले, सीनियर कुष्ठ सुपरवाइजर जेएन महाजन मंगला महाजन के लगातार प्रयास ने आशाधाम की सिर्फ सूरत ही नहीं बदली, बल्कि यहां के रहवासियों को स्वच्छता और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित भी किया।
जिला कुष्ठ अधिकारी श्री सांवले ने बताया आशाधाम में साफ-सफाई के लिए कोई अतिरिक्त फंड की व्यवस्था नहीं थी। इसलिए अपने साथी अफसरों द्वारा दी गई दान राशि से झाड़ियों को साफ कराया। जमीन समतल कराई। यहां निवासरत बच्चे अब क्रिकेट खेलते नजर आते हैं। भूमिगत पाइप लाइन बिछाई गई। रात में रोशनी के लिए कलेक्टर नीरज दुबे से अनुरोध कर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की गई। साथ ही छोटा सा कुष्ठ परीक्षण केंद्र बनाया गया। जहां रोगियों का नियमित उपचार किया जाता है। यहां लगातार जागरुकता के बाद अब कोई खुले में शौच नहीं करता। डॉ. सांवले श्रीमती महाजन ने दान राशि और पंचायत के सहयोग से करीब 18 पक्के सुविधाघर बनवाए। सन 1990 में तत्कालीन कलेक्टर हर्षवर्धनसिंह ने कुष्ठ रोगियों के लिए आशाधाम का निर्माण कराया था। तभी से यहां के शासकीय अस्पताल में कार्यरत दंपती जेएन महाजन, सीनियर कुष्ठ सुपरवाइजर मंगला महाजन रोगियों की सेवा कर रहे हैं। सनावद रेवा गुर्जर कॉलेज के 80 विद्यार्थियों ने भी यहां चार घंटे काम किया।
अफसरों ने झाड़ियों में दबे इस स्थान को खेल मैदान में तब्दील कर दिया।