नैगमसागरजी महाराज ने किया केश लोच
मनावरसे पदयात्रा कर करीब 150 पदयात्री रविवार सुबह 7.30 बजे सिद्धक्षेत्र बावनगजा पहुंचे। यहां विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान हुए। बावनगजा में चातुर्मास आराधना कर रहे छुल्लक नैगम सागरजी महाराज का केश लोच भी हुआ। समाजजन ट्रस्ट पदाधिकारियों की बैठक भी हुई। महाराजजी ने समाजजन को आशीर्वचन दिए।
सुबह 8 बजे पदयात्रियों ने पर्वत यात्रा की। राकेश जैन के सान्निध्य में समाजजन ने शांतिधारा श्रीजी के कलश किए। सुबह 9 बजे श्रीभक्तामर विधान हुआ। इसके बाद महाराजजी का केश लोच हुअा। केश लोच का सौभाग्य संघ संचालक राकेश गोधा को मिला। महाराजजी ने समाजजन को हर साल पदयात्रा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा पदयात्रा की प्रथा अच्छी है। इससे पुण्य की प्राप्ति होती है। दोपहर 12 बजे सम्मान समारोह हुआ। इसमें ट्रस्ट पदाधिकारियों ने पदयात्रियों का तिलक लगाकर पुष्पहार से स्वागत सम्मान किया। ट्रस्ट प्रबंधक इंद्रजीत मंडलोई ने बताया समारोह में ट्रस्ट मनावर जैन समाज के अध्यक्ष राजकुमार जैन ने समाजजन की सहमति पर गेस्ट हाउस निर्माण के लिए 11 लाख रुपए देने की घोषणा की। समारोह में समाजजन ने पदयात्रा संबंधी अपने अनुभव सुनाए। इस दौरान अध्यक्ष श्री जैन, पवन दोशी, जितेंद्र गोधा, पदम जैन, नरेश बड़जात्या, अंतिम पहाड़िया, अनूप काला सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद थे।
बैठक में समाजजन को संबोधित करते बावनगजा ट्रस्ट अध्यक्ष राजकुमार जैन।