- Hindi News
- नाले में आई बाढ़ से बहने लगे ट्रैक्टर ट्रॉली सहित 8 मजदूर
नाले में आई बाढ़ से बहने लगे ट्रैक्टर ट्रॉली सहित 8 मजदूर
जिला मुख्यालय से 62 किमी दूर निवाली के पास मोहल्या गांव के होली फलिया स्थित नाले से रेत निकालने के दौरान अचानक बाढ़ का पानी आने से ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित 8 मजदूर बहने लगे। तीन तैरकर बाहर गए लेकिन अन्य पांच को करीब 30-40 मीटर तक बहने के बाद उन्हें ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार होली फलिया में शनिवार रात करीब 8 बजे काजलमाता के 8 मजदूर नाले से रेत निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक नाले में बाढ़ का पानी आने से सभी लोग बहने लगे। नाले से करीब 5 फीट ऊपर पानी आने से वे बहते हुए सभी मजदूर 30-40 मीटर दूर बह गए। इसमें से तीन लोगों को तैरना आने के कारण वह किनारे पर गए। उन्होंने नाले से लगे गांव के लोगों से मदद मांगी। साथ सरपंच पति छगन सिसौदिया को सूचना दी। इस पर उन्होंने ग्रामीणों की मदद से बह रहे पांचों लोगों को बाढ़ से निकाला। ग्रामीणों ने रस्सी और हाथ का सहारा देकर उन्हें बचाया। सूचना के बाद करीब 9 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौका मुआयना कर स्थिति का जायजा लिया। लोगों ने बताया 15 दिन पहले ही अलंगदास ने ट्रैक्टर खरीदा था।
यहलोग बह रहे थे बाढ़ में-भीला शिवजी(30), तोताराम लक्ष्मण (28), पठान देवीसिंह (28), भुरु रुमालिया (30), कहारिया गुरजिया (29), अलंगदास सीताराम ट्रैक्टर मालिक (28), दीवान सिरबांध (30), कांतिराम रमेश (29) सभी निवासी काजलमाता। यह निवाली से करीब 14 किमी दूर से रेत लेने के लिए आए थे।
बाढ़ के पानी में तैर कर बाहर निकले 3 मजदूर।