बारिश से पुलिया क्षतिग्रस्त
इस बार नवरात्र में माता के भक्तों की राह मुश्किल भरी हो सकती है। बीते दिनों क्षेत्र में हुई भारी बारिश के चलते क्षेत्रीय नदियां उफान पर है। चोरल नदी भी प्रचंड वेग से बह रही है। इसके कारण नगरवासियों के आस्था का प्रतीक जयंती माता मंदिर का पुल जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गया है। दर्शन के लिए मंदिर आने वाले भक्तों को पुल पार करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। नवरात्रि शुरू होने में केवल 11 दिन बाकी हैं। यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई तो नवरात्र में भक्तों को किसी अप्रिय घटना का सामना करना पड़ सकता है। नवरात्र के दिनों में मंदिर में प्रतिदिन पांच हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। इस दृष्टि से पुल की मरम्मत अन्य सुरक्षा उपाय करना आवश्यक है। पिछले वर्ष चोरल नदी में आई भीषण बाढ़ में पानी माता के मंदिर तक पहुंच गया था। वहीं पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया था।
चोरल नदी में बाढ़ आने पर पुल क्षतिग्रस्त हो गया।