नर्मदा स्नान कर पहुंचे धर्मरक्षक
भास्कर संवाददाता|खरगोन/महेश्वर
मांनर्मदा हिंदू संगम में मंगलवार आए श्रद्धालुओं ने महाशिवरात्रि से पहले शिवरात्रि मना ली। सुबह उन्होंने नर्मदा स्नान किया। शिवालयों में दर्शन किए। उसके बाद धर्म सम्मेलन में पहुंचे। सुबह घाटों पर नर्मदे हर का जयघोष गंूजा। आसपास मेले जैसा नजारा था। घाटों पर सुरक्षा बतौर 85 गोताखोर तैनात किए गए थे। हिंदू संगम के चलते नर्मदा में इंदिरासागर बांध का पानी छोड़ने को लेकर कलेक्टर नीरज दुबे ने एनएचडीसी खंडवा प्रशासन को पत्र लिखकर सूचित कराया था। संगम में घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के स्नान के चलते प्रशासन ने पहले ही यह कार्रवाई पूरी कर ली थी। महेश्वर के हिंदू संगम में अलसुबह से धर्मरक्षकों का आना शुरू हो गया। नर्मदा स्नान के बाद सैकड़ों की संख्या में लोग मां नर्मदा मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। यहां कतार में लगकर दर्शन-पूजा की। स्थानीय लोगों का कहना था नर्मदा मंदिर में श्रद्धालुओं का ऐसा तांता पहली बार लगा। पूजा-अर्चना बाद अहिल्या किले में भी भ्रमण किया।
3000कार्यकर्ताओं ने संभाली व्यवस्थाएं
हिंदूसंगम को लेकर महेश्वर सहित क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। समरस समर्थ हिन्दू समाज के निर्माण के महाकुंभ में निमाड़-मालवा प्रांत धर्म रक्षा समिति के बड़ी संख्या में सदस्य भागीदारी करने पहुंचे। 3000 से अधिक आरएसएस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न 19 सेवाओं में सहभागिता की। कलेक्टर नीरज दुबे एसपी अमितसिंह के नेतृत्व में सुरक्षाकर्मियों ने व्यवस्थाओं का सतत जायजा लिया। मंगलवार अलसुबह हजारों की संख्या में वाहनों से श्रद्धालु महेश्वर पहुंचने लगे। निर्धारित पार्किंग में सैकड़ों वाहनों को लगाया गया। नगर भगवा पताकाओं से सजाया गया। एक दिन पहले दीपावली सा माहौल रहा। घरों की दहलीज पर दीप जलाए गए। विभिन्न मार्ग नर्मदा तट के घाट भगवामय दिखाई दिए।
प्रबंध समिति प्रमुख श्रीपाद कुलकर्णी ने बताया संगम में संत-महात्माओं के आगमन से वसंुधरा पावन हो उठी। संगम में संतश्री हनुमानदास महाराज, मंगलदास महाराज, साध्वी साक्षी चेतना दीदी सभी ओंकारेश्वर, सुरेंद्रगिरी महाराज सनावद, स्वामी संजीव महाराज, भवानीपुरी महाराज, स्वामी शंभूतीर्थ महाराज, महामंडलेश्वर विवेकानंदपुरी महाराज सहित कई संत शामिल हुए।
इंदौरके धर्मरक्षक की हार्ट अटैक से मौत: हिंदूसंगम में आए इंदौर के आइडियानगर निवासी धर्मरक्षक कैलाश साहू (38) की हृदयाघात से मौत हो गई। सभा के बाद बस से रवाना होने के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ी। उसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेश्वर लाए। यहां उसकी मृत्यु हो गई।
मां नर्मदा हिंदू सम्मेलन में निमाड़-मालवा के 16 जिलों के धर्मरक्षक शामिल हुए। महिलाओं की तादात भी काफी थी। मंच से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख डॉ मोहन भागवत ने संबोधित किया। फोटो: विशालगीते, अजय तिवारी, कुलदीप भावसार