खाद बिजली संकट की अनदेखी कर रही सरकार
केंद्र के साथ प्रदेश सरकार किसान विरोधी है। खाद के साथ बिजली संकट खड़ा कर रही है। खाद, बीज, बिजली समस्याओं को लेकर शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन के दौरान यह बात जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखलाल परमार ने कही। पुराने कलेक्टोरेट के सामने करीब दो घंटे तक प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र के साथ प्रदेश सरकार को जमकर कोसा हालांकि धरना प्रदर्शन पर कार्यकर्ताओं की संख्या अपेक्षा से बेहद कम रही। प्रदर्शन के बाद किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग का ज्ञापन एसडीएम दीपक आर्य को सौंपा।
जिला कांग्रेेस अध्यक्ष सुखलाल परमार ने ज्ञापन में बताया किसान रबी फसलों की बोवनी के बाद खाद की जरूरत महसूस कर रहा है। ऐसे वक्त में उसे खाद के लिए भटकना पड़ रहा है। यूरिया की सरकारी कीमत 287 रुपए प्रति बोरी तय है। बावजूद इसके किसानों को 350 से 400 रुपए प्रति बोरी खरीदना पड़ रही है। यही हाल बिजली के हैं। बिजली को मुद्दा बनाकर सत्ता में आई प्रदेश सरकार जरूरत के समय किसानों के साथ खिलवाड़ कर रही है। जिले में इस बार अल्प वर्षा के चलते सिंचाई के साधन पर्याप्त नहीं हैं। ऐसे में किसानों को बिजली पंप चलाकर सिंचाई करना पड़ रहा है लेकिन सिंचाई के लिए उन्हें बिजली नहीं मिल पा रही है। धरना-ज्ञापन के दौरान मदनलाल शर्मा, राजन मंडलोई, चंद्रशेखर यादव, अजयसिंह ठाकुर, मनीष पुरोहित, इकबाल कापड़िया, सुनील यादव, विष्णु बनड़े, जाकिर खान, बलराम यादव, पेट्रिक थामस, रफीक बाबा, शाहिद शेख सहित कार्यकर्ता मौजूद थे।