डाकघर के 37 हजार उपभोक्ता कोर बैंकिंग से जुड़े
सनावद उप डाकघर में बुधवार से कोर बैंकिंग सुविधा शुरू हो गई। अब ग्राहकों को लेनदेन सहित अन्य बैंकिंग काम करने में परेशानी नहीं होगी। साथ ही डाकघर के सभी ग्राहकों को विभाग द्वारा एटीएम की सुविधा भी जल्दी ही मिलेगी।
कोर बैंकिंग के जरिए डाकघर उपभोक्ता भी देशभर में स्थापित ऑनलाइन डाकघर से अपने खातों से सीधे लेनदेन कर सकेंगे। कोर बैंकिंग सुविधा की विधिवत शुरुआत मुख्य अतिथि पोस्टमास्टर जनरल इंदाैर क्षेत्र अजय कुमार राय, विशेष अतिथि विधायक हितेंद्रसिंह सोलंकी, महाप्रबंधक एनएचडीसी ओंकारेश्वर एसके जैन, अधीक्षक डाकघर खंडवा संभाग एसके पांडेय, टीआई विनोद सोनी ने की। अतिथियों ने डाकघर भवन का निरीक्षण किया। संचालन आरके सावनेर ने किया। आभार डाकघर निरीक्षक आरके भालसे ने माना। सब पोस्ट मास्टर आरके सावनेर ने बताया कोर बैंकिंग सुविधा आरंभ होने से सनावद डाकघर से जुड़े 37 हजार से अधिक खाताधारकों को इसका लाभ मिलेगा। लेन-देन के अलावा जनकल्याणकारी योजनाओं से भी उपभोक्ताओं को इस सुविधा के जरिए सीधा जोड़ा जा सकेगा। इसके प्रचार-प्रसार के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जागरुकता अभियान चलाएंगे।
कोर बैंकिंग के ये होंगे फायदे
अब बैंक अकाउंट की तरह आप अपने पोस्ट ऑफिस अकाउंट को भी माउस की क्लिक से ऑपरेट कर पाएंगे।
कोर बैंकिंग सिस्टम के तहत अगले चरण में डाकघरों के ग्राहकों को एटीएम और मोबाइल बैंकिंग जैसी सुविधाएं मिलेगी।
कोर बैंकिंग सॉल्यूशन से जुड़ने के बाद ग्राहकों को पोस्ट ऑफिस में आरटीजीएस (रियल टाइम ग्रोस सेटलमेंट) और नेफ्ट जैसी सुविधाएं मिलेगी।
कोर बैंकिंग के बाद पोस्ट ऑफिस में ग्राहकों को समय पर सेवा मिल सकेगी। मोबाइल, इंटरनेट बैंकिंग के जरिये 24 घंटे सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे।
सनावद उपडाकघर को कोर बैंकिंग से जोड़ा। कार्यक्रम में स्टाफ व शहरवासी।
सुविधा