- Hindi News
- गैस सब्सिडी राशि अन्य खाते में जमा हो गई
गैस सब्सिडी राशि अन्य खाते में जमा हो गई
उपभोक्ता काट रहे एजेंसी और बैंक के चक्कर
भास्करसंवाददाता|कसरावद
आधारनंबर बैंक खाते से लिंक कराने के बाद घरेलू गैस उपभाेक्ताओं को राशि बैंक खाते में जमा हो रही है। वहीं उपभोक्ता गैस सब्सिडी की राशि एक महीने बाद भी नहीं मिलने से परेशान हैं। जानकारी जुटाने के बाद पता चला कि राशि किसी अन्य खाते में जमा हो गई। जबकि संबंधित व्यक्ति गैस एजेंसी का उपभोक्ता भी नहीं है। पहल योजना में सभी दस्तावेज सही होने के बावजूद इस तरह की गलती सामने आने से उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं।
नगर के एचपी घरेलू गैस उपभोक्ता वीरेंद्र राजाराम पावटेवाला ने बताया 9 जनवरी को गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई थी। सब्सिडी राशि जमा होने का इंतजार कर रहे हैं। एक माह के बाद भी गैस एजेंसी के तो कभी कस्टमर केयर में शिकायत के बाद भी जानकारी नहीं मिली। बुधवार को गैस एजेंसी के कार्यालय में सारे दस्तावेज चेक ऑनलाइन इंट्री में भी सही पाए गए। इसके बाद बैंक खाता नंबर की लिस्ट निकाली गई तो राशि विष्णुदत्त शंकरलाल पाटीदार के खाता क्र. 99351010000818 में 563 रुपए जमा पाए गए। संबंिधत एजेंसी को अवगत कराने पर आगे से त्रुटि होना बताई गई। कस्टमर केयर पर भी सही जानकारी नहीं मिल सकी। शासन की महती योजना के क्रियान्वयन पर कोई सुनने वाला नहीं है। कस्टमर केयर भी औपचारिक केंद्र बन गए हैं। उपभोक्ता राशि नहीं मिलने से परेशान हैं।
घरेलू गैस उपभोक्ताओं को राशि को लेकर बैंक और एजेंसी के चक्कर लगाना पड़ रहे है। सब्सिडी की राशि नहीं मिलने से लोग परेशान हो रहे है। उपभोक्ताओं की राशि किसी अन्य के बैंक खाते में डाल दी गई है। इससे लोगों को बैंक और एजेंसी में बार-बार जाना पड़ रहा है। जबकि एजेंसी पर दिए गए दस्तावेज पूरी तरह से सही होने के बाद भी बैंक खातों में सब्सिडी नहीं रही।