- Hindi News
- छात्रा को चिढ़ाने पर प्राचार्य ने 5वीं के छात्र को बेरहमी से पीटा
छात्रा को चिढ़ाने पर प्राचार्य ने 5वीं के छात्र को बेरहमी से पीटा
निजीस्कूल में मारपीट की एक और शिकायत सामने आई है। नवलपुरा के जेएमएस स्कूल में मंगलवार एक छात्रा को चिढ़ाने पर 5वीं के छात्र प्रतीक पिता मंशाराम नामदेव की प्राचार्य आलोक शुक्ला ने लकड़ी से बेरहमी से पिटाई कर दी। मंगलवार देर रात उसने परिजनों को घर पर बताया इसके बाद शहर कोतवाली में प्राचार्य आलोक शुक्ला के खिलाफ आवेदन दिया गया। एमएलसी के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। वहीं परिजन ने भी प्राचार्य के खिलाफ कोतवाली पर लिखित शिकायत की है। दूसरी ओर स्कूल के डाइरेक्टर प्रवीण साेनी ने बताया मामले को गंभीरता से लेते हुए श्री शुक्ला को हटा दिया गया है।
घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक स्कूल में साथी छात्रा को चिढ़ाने पर प्राचार्य शुक्ला ने प्रतीक की लकड़ी से पिटाई कर दी। डरा-सहमा प्रतीक स्कूल छूटने के बाद दोपहर करीब 4.30 घर जाकर सो गया। रात करीब 10 बजे कपड़े चेंज करने के दौरान परिजनों ने उसके शरीर पर जख्म देखे। पूछने पर उसने मां रेखा नामदेव को प्राचार्य के हाथ पिटने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर्स ने एमएलसी रिपोर्ट बनाकर प्रतीक को अस्पताल में भर्ती किया।
परेशान हुए परिजन
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घटना की शिकायत करने कोतवाली आए परिजनों को परेशान होना पड़ा। टीआई एम.के. दुबे सरकारी प्रशिक्षण प्राप्त करने खरगाेन गए हैं। कोतवाली से प्राप्त जानकारी अनुसार एसडीओपी वीके सिसौदिया अवकाश पर हैं। अफसरों के नहीं मिलने से परिजन कोतवाली पर लिखित शिकायत देकर लौट गए।
बालक के पीठ और पैर पर कई जगह जख्म के निशान नजर रहे थे।