- Hindi News
- वार्ड 1 से 3 मकान, एक सुविधाघर बस स्टैंड क्षेत्र से 12 गुमटी हटाईं
वार्ड 1 से 3 मकान, एक सुविधाघर बस स्टैंड क्षेत्र से 12 गुमटी हटाईं
नगरपंचायत अमले ने मंगलवार को अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई की। अमले ने स्वामी विवेकानंद वार्ड क्रमांक 1 से तीन कच्चे मकान और एक पक्का सुविधाघर हटाया। बस स्टैंड क्षेत्र से भी 12 गुमटियां हटाईं गईं। कार्रवाई के दौरान अमले को विरोध का सामना भी करना पड़ा। बावजूद इसके नगर पंचायत कर्मचारियों ने किसी की नहीं सुनी। सभी अतिक्रमण सख्ती के साथ हटाए गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस भी मौजूद रही। विरोध करने वाले लोगों को पुलिस ने समझाइश देकर शांत किया। इसके बाद अमले ने सख्ती के साथ अतिक्रमण तोड़े। नगर पंचायत अमले ने स्वामी विवेकानंद वार्ड में रोड चौड़ा करने और बस स्टैंड पर नाला बनाने के लिए अतिक्रमण हटाए।
मंगलवार दोपहर 3.30 बजे नगर पंचायत का अमला अतिक्रमण हटाने स्वामी विवेकानंद वार्ड पहुंचा। यहां अमले ने लोगों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने को कहा। लेकिन लोग नहीं माने और कार्रवाई का विरोध किया। यहां कर्मचारियों और लोगों के बीच करीब आधे घंटे तक बहस चली। इसके बाद भी लोग अतिक्रमण हटाने के लिए नहीं माने। बाद में शाहपुर थाने से दो पुलिस जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाइश दी। इसके बाद लोग अतिक्रमण हटाने के लिए राजी हुए। यहां से अमले ने तीन कच्चे मकान और एक पक्का बना सुविधाघर तोड़ा। इसके बाद अमला बस स्टैंड पहुंचा। यहां से भी सख्ती के साथ 12 गुमटियां हटाईं।
नोटिसदेने के बाद भी नहीं हटाए थे अतिक्रमण
नगरपंचायत सीएमओ जेपी गुहा ने बताया स्वामी विवेकानंद वार्ड और बस स्टैंड क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों को कई दिन पहले नोटिस दिया था। बावजूद इसके उन्होंने अतिक्रमण नहीं हटाए। इसी कारण मंगलवार को सख्ती के साथ कार्रवाई की गई। स्वामी विवेकानंद वार्ड में रोड चौड़ा किया जाना है। यहां अतिक्रमण इसमें बाधा बन रहे थे। इसी तरह बस स्टैंड क्षेत्र में नाला निर्माण किया जाना है। यहां भी गुमटियां इसमें बाधा बन रही थी। इसलिए गुमटियों को हटाया गया। इन्हें कुछ दिन के लिए कांजी हाउस की जगह रखवाया जाएगा।
अफसरों ने सख्ती से अतिक्रमण हटवाया।