20 दिन बाद भी नहीं मिला सिलेंडर
ग्रामीणों ने कहा सब्सिडी लिंक प्रक्रिया में भी गड़बड़ी, नहीं मिली राशि
भास्करसंवाददाता | डोईफोड़िया
रसोईगैस के लिए नंबर लगाने के 20 दिन बाद भी डोईफोड़िया के ग्रामीणों को सिलेंडर नहीं मिला है। इससे उन्हें परेशानी झेलना पड़ रही है। रसोई गैस उपभोक्ताओं का कहना है सिलेंडर नहीं मिलने से फजीहत झेल रहे हैं। वहीं बैंक से आधार नंबर लिंक प्रक्रिया में भी गड़बड़ी हो रही है। इस कारण सब्सिडी की राशि नहीं मिल पा रही है। डोईफोड़िया क्षेत्र के उपभोक्ता शाहपुर में सत्यम गैस एजेंसी पर सिलेंडर के लिए नंबर लगाते हैं। उपभोक्ताओं का कहना है पहले नंबर लगाने के तीन दिन में सिलेंडर मिल जाता था। लेकिन इस बार 20 दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिला है। महिलाएं चूल्हे पर खाना पका रही हैं। ऐसे में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डोईफोड़िया के उखर्डू महाजन, केशव भटकर ने बताया हमने दो महीने पहले आधार कार्ड लिंक करवाया है। लेकिन गैस सब्सिडी की राशि खाते में जमा नहीं हुई है। हमें बिना सब्सिडी का सिलेंडर 840 रुपए रुपए में लेना पड़ रहा है। पिछले 20 दिन से तो सिलेंडर मिल ही नहीं रहा है। एजेंसी संचालक कहता है सोमवार को सिलेंडर जाएगा। डोईफोड़िया के लालू चौकसे, महेश इंगले, गोपाल चौधरी ने बताया 20 दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने से परेशान होना पड़ रहा है।