2018 तक हर गांव में होगी पक्की सड़कें
मंत्री ने भीलखेड़ी मार्ग बनाने की मंजूरी दी
गुलाना तहसील के गांव सिमरोल व पथरिया के ग्रामीणों को अब पगडंडी रास्तों से छुटकारा मिलेगा। कच्ची राहों के स्थान पर पक्की सड़क पर सफर कर आसान होगा। मंगलवार को गांव सिमरोल में सेमली से बोरसाली तक की करीब 8 करोड़ की लागत से बनने वाली लगभग 11 किमी लंबी डामरीकृत सड़क का भूमिपूजन करने के दौरान समारोह सभा में लोनिवि मंत्री सरताजसिंह ने बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2018 तक प्रदेश के हर गांव में पक्की सड़कें होंगी।
मंत्री सरताजसिंह ने क्षेत्रिय विधायक जसवंतसिंह हाड़ा की ओर इशारा करते हुए कहा नेता की नीति व नियत अगर साफ हो तो उस क्षेत्र का विकास हर हाल में संभव होता है। उन्होंने कहा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 12 सड़कों का नवीनीकरण एवं 6 नई सड़कें बहुत जल्द ही मूर्तरूप लेने वाली है। शाजापुर विधायक अरूण भीमावद ने भी संबोधित किया।
ग्रामीणों ने किया खुशी का इजहार- सिमरोल व पथरिया गांव मंत्री सरताजसिंह एवं विधायक हाड़ा का फूलों की बारिश कर स्वागत किया। कार्यक्रम में सहकारिता के चेयरमैन शिवनारायण पाटीदार, पूर्व विधायक गिरिराज मंडलोई, गुलाना भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र पाटीदार, विधायक प्रतिनिधि करतारसिंह राजपूत, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि लाड़सिंह गुर्जर, बाबूलाल हावड़िया, सुभाषचंद्र पाटीदार, ईश्वरसिंह नायक, शिवप्रसाद वर्मा आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक दिलीपसिंह जादौन ने किया। अंत में आभार मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र पाटीदार ने माना।
लापरवाही बर्दाश्त
नहीं की जाएगी
सेमली से बोरसाली तक सड़क निर्माण के भूमिपूजन के दौरान मंत्री सिंह ने लोनिवि एवं संबंधित ठेकेदार को गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी। उन्होंने कहा सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री सरताजसिंह ने बोलाई के चमत्कारी सिद्धवीर हनुमान के दर्शन भी किए।
बोलाई | सिमरोल में सेमली से बोरसाली सड़क का भूमिपूजन करते मंत्री सरताजसिंह, विधायक हाड़ा एवं अन्य।