खाद-कीटनाशक व्यापारियों ने कहा- नया नियम वापस लें
खाद एवं कीटनाशक नियमों में संशोधन कर कृषि आदान व्यापार को गंभीर संकट में डालने के निर्णय के विरोध एवं संशोधन अविलंब वापस लेने की मांग को लेकर अंचल में मंगलवार को ज्ञापन सौंपे गए।
आगर-मालवा | खाद-बीज एवं कीटनाशक दवाई विक्रेता संघ ने प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर आर.पी. यादव को सौंपा। ज्ञापन में बताया कृषि आदान व्यापारी एवं व्यापारी संगठन उर्वरक व कीटनाशक विक्रय भंडारण प्रदर्शन एवं वितरण का नया लाइसेंस केवल कृषि स्नातक या विज्ञान के चुनिंदा विषयों पर स्नातक का ही देने का पुरजोर विरोध करते हुए वर्तमान लाइसेंस प्रणाली को ही कायम रखने की मांग करते हैं। संशोधन के बाद दो वर्ष के अंदर कृषि स्नातक जैव रसायन, जैव प्राणी प्रौद्योगिकी, जीव विज्ञान या वनस्पति विज्ञान, स्नातक या डिप्लोमा की अनिवार्यता के नियम को संघ सिरे से खारिज करता है। वर्षों पुराने अनुभवी व्यापारियों पर ऐसा नियम थोपना उनके व्यापार के साथ खिलवाड़ है। इस अवसर पर संघ अध्यक्ष दिनेश आर्य, सचिव सुरेश जाधव सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।
नलखेडा़ | खाद एवं कीटनाशक विक्रेता संघ ने मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन तहसीलदार मुकेश सोनी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से भारत सरकार द्वारा खाद एवं कीटनाशक विक्रय के नियमों में किए संशोधन को वापस लेने की मांग की। ज्ञानचंद फाफरिया, सुनिल पाटीदार, दिनेश पांडिया, दाउलाल मित्तल, कैलाश राठौर, विनोद माली आदि व्यापारी उपस्थित रहे।
कानड़ | मंगलवार को स्थानीय कीटनाशक व्यापारियों ने भारत सरकार द्वारा खाद, कीटनाशक दवा नियमों मे किए फेरबदल का विरोध किया। विरोधस्वरूप अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री के नाम का ज्ञापन स्थानीय प्रशासन को सौंपा। आर.आई. नरेन्द्र कुमार गरोठिया को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान मोहनलाल आर्य, सिद्धनाथ चौधरी, पवन मंगल, नितिन पालीवाल, महेश शर्मा, दीपक मोड़, दिनेश मंगल, अरुण शर्मा अादि कीटनाशक एवं खाद से जुड़े व्यापारी उपस्थित रहे।
सोयतकलां | उर्वरक व्यापारी संघ ने मंगलवार को अपनी दुकानें बंद रखकर नायब तहसीलदार जगदीश वर्मा को ज्ञापन सौंपा। अनिल गुप्ता, सुरेश शर्मा, एस.एस. राठौर, रामप्रसाद बैरागी, विष्णु दांगी, सतीश शर्मा, सुरेश चौधरी, राधेश्याम दांगी, कालूराम दांगी, पंकज शर्मा, लखन बैरागी, रामेश्वर राठौर आदि मौजूद रहे।
सारंगपुर | खाद-बीज एवं कीटनाशक दवाई विक्रेता संघ ने प्रदेश संगठन के आह्वान पर मंगलवार को अपना कारोबार बंद रख तहसीलदार राधेश्याम श्रीवास्तव को प्रधानमंत्री एवं कृषि मंत्री के नाम ज्ञापन सौंप विरोध जताया।
बेरछा | नगर के कीटनाशक खाद व बीज विक्रेताओं ने भी मंगलवार सुबह प्रधानमंत्री के नाम के नाम तहसीलदार अनिल कुशवाह को ज्ञापन सौंपा। नई प्रणाली का पुरजोर विरोध किया।
आगर | डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते खाद एवं कीटनाशक दवाई विक्रेता संघ सदस्य।
तहसील मुख्यालयों पर
भी जताया विरोध
शुजालपुर | कीटनाशक और खाद-बीज विक्रेताओं ने मंगलवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखे तथा तहसीलदार आनंद मालवीय को ज्ञापन सौंपा। व्यापारी अजय राठी अकोदिया ने बताया अगर सरकार नियमों को शिथिल नहीं करती है तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान कीटनाशक-बीज व्यापारी मौजूद थे। तहसीलदार मालवीय ने ज्ञापन लेने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सुसनेर | भारत खाद एवं कीटनाशकों का विक्रय करने वाले व्यापारियों के लिए नियमों में किए संशोधन के विरोध में मंगलवार को नगर के खाद एवं कीटनाश विक्रेताओं ने भी प्रतिष्ठान बंद रख एसडीएम जी.एस. डावर को ज्ञापन सौंपा। केंद्र सरकार द्वारा नियमों में किए संशोधन को वापस लेने की मांग की।
बड़ौद | नगर में भी खाद-बीज एवं कीटनाशक व्यापारियों ने मंगलवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। प्रधानमंत्री के नाम का ज्ञापन तहसीलदार दिनेश सोनारतिया को सौंपा। शिथिलता बरतने की मांग की। ज्ञापन का वाचन व्यापारी राजेंद्र कुमार जैन ने किया। व्यापारी सोहनलाल भावसार, फकीरचंद चौधरी, इंदरमल टेनपा, सुरेश रामनगर, ललित नलवाया, मनोज महाजन आदि उपस्थित रहे।
गुलाना | कीटनाशक नियमों में संशोधन कर कृषि व्यापार को संकट में डालने के निर्णय का विरोध करते हुए प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नाम तहसीलदार गुलाना को मंगलवार को व्यापारियों ने ज्ञापन सौंपा।