शुजालपुर में सामूहिक विवाह व अंत्योदय मेला
शुजालपुर | मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 70 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन शनिवार सुबह 9 बजे नगर के प्राचीन जटाशंकर महादेव मंदिर होगा। इस दौरान यहां पर अंत्योदय मेले तथा विकलांग शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। शुक्रवार को विवाह समारोह की तैयारियों का जायजा लेने विधायक जसवंत सिंह हाड़ा मौके पर पहुंचे और तैयारियों के निर्देश दिए। विवाह सम्मेलन में पर्यटन विभाग के निगम अध्यक्ष तपन भौमिक और सिंहस्थ मेला केंद्रीय समिति अध्यक्ष मायानसिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। अध्यक्षता विधायक जसवंत सिंह हाड़ा करेंगे। विशेष अतिथि के रूप में विधायक कालापीपल इंदरसिंह परमार, शाजापुर विधायक अरूण भीमावत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमन बाई, जनपद पंचायत अध्यक्ष किशोर सिंह पाटीदार, नपाध्यक्ष संदीप सणस, जनपद पंचायत की उपाध्यक्ष गीता देवी पाटीदार विशेष रूप से उपस्थित रहेगी। जनपद पंचायत सीईओ अमित व्यास ने बताया कि इस जटाशंकर महादेव मंदिर पर होने वाले सामूहिक विवाह तथा अंत्योदय मेले के दौरान हितग्राहियों के आवेदन अनुसार पात्रता होने पर सहायता राशि स्वीकृत की जाएगी। इसी दिन विकलांग परीक्षण उपरांत उपकरण वितरण किए जाना है। विकलांग शिविर में केलीपर्स एवं जिला मेडिकल बोर्ड की टीम भी आ रही है। किसी भी श्रेणी के विकलांगों के परीक्षण हेतु दल शिविर में मौजूद रहेंगे।
मोरूखेड़ी में विवाह आज
सुसनेर | मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत शनिवार को अहिल्याबाई द्वारा निर्मित शिव मंदिर मोरूखेड़ी में विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। जानकारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत तीजा पंवार ने दी।
जनपद पंचायत का अंत्योदय मेला 26 को
बड़ौद | जनपद पंचायत बड़ौद का अंत्योदय मेला आगामी 26 फरवरी को तहसील प्रागंण में आयोजित किया जाएगा। इसमें शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। वहीं इस मेला में जिलास्तर के अधिकारियों के साथ बड़ौद क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के अलावा खंड एवं तहसील स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी रहेंगे। अनुविभागीय अधिकारी मिलिंद ढोके ने बताया इस मेले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, पशु चिकित्सा विभाग की ओर से पशुओं का चिकित्सा परीक्षण एवं दिव्यांग निःशक्तों को भी उपकरण विकलांगों को वितरित किए जाएंगे। शासन की अन्य योजनाओं की जानकारियां एवं पात्र हितग्राहियों को दी जाएगी एवं मेले आए हितग्राहियों आदि के लिए भोजन पैकेट की व्यवस्था भी रहेगी।
शुजालपुर | तैयारी का जायजा लेते हुए विधायक हाड़ा।