स्कूल भवन उपयोगी साबित नहीं हो रहा
स्कूल भवन उपयोगी साबित नहीं हो रहा
शुजालपुर.नगरके शासकीय बालक हायर सेकंडरी स्कूल सिटी में स्कूल भवन की कमी के चलते एक भवन 77 लाख रुपए लागत से खाली जगह पर निर्माण किया गया है। भवन बनकर तैयार होने से पहले ही क्षतिग्रस्त होने लग गया है। इस भवन का भूमिपूजन जिला प्रभारी लक्ष्मीकांत शर्मा ने किया था। भवन बनने के बाद स्कूल में छात्रों को बैठने की समस्या भी समाप्त हो जाएगी। लेकिन ठेकेदार द्वारा भवन निर्माण का कार्य समय से पूरा नहीं करने पर भवन स्कूल विभाग को सौंपे जाने से पहले ही क्षतिग्रस्त दिखाई देना लगा। स्कूल प्रबंधन द्वारा पूर्व में विधायक जसवंतसिंह हाड़ा को अवगत करवाया गया था। शिकायत के बाद ठेकेदार द्वारा भवन के शेष बचे काम को पूरा करने की शुरूआत की गई थी। लेकिन भवन आजतक बनकर तैयार नहीं हुआ और भवन में लगाई गई खिड़कियों के कांच टूट गए है। स्कूल के प्रभारी प्राचार्य सुरेश तिवारी का कहना है कि स्कूल भवन के निर्माण का काम 3 वर्ष पूर्व शुरू किया गया था। इसमें बिजली सहित कुछ अन्य काम बाकी है। भवन बनकर तैयार हो जाता है तो स्कूल में जगह की कमी पूरी हो सकती है। अगर यह भवन हमें मिल जाता है तो हमारी समस्या दूर हो सकती है। विधायक जसवंतसिंह हाड़ा के मुताबिक शासकीय बालक हायर सेकंडरी स्कूल सिटी के नए भवन का काम अधूरा है। कार्य पूर्ण करवाकर भवन स्कूल को मिले इसके लिए प्रयास किए जाएंगे।