- Hindi News
- अस्थाई पुल से ग्रामीण जान जोखिम में डाल नदी पार कर रहे
अस्थाई पुल से ग्रामीण जान जोखिम में डाल नदी पार कर रहे
अस्थाई पुल से ग्रामीण जान जोखिम में डाल नदी पार कर रहे
शुजालपुर.नगरसीमा से लगे ग्राम रायपुर में नेवज नदी पर बने पुल के क्षतिग्रस्त होने से आसपास के ग्रामीणों को नदी पार करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नदी पार करने के लिए ग्रामीणों ने अपने स्तर से अस्थाई पुल बना डाला। पिछले तीन दिन से क्षेत्र के ग्रामीणों ने लोहे के पोल नदी के एक सिरे से दूसरे सिरे तक रखे और उन पर लोहे के तराफे डालकर रास्ता बना दिया। इन्हीं के सहारे अब ग्रामीण नदी पार कर रहे हैं, लेकिन थोड़ी भी लापरवाही दुर्घटना का कारण बन सकती है। ग्रामीणों द्वारा बनाए अस्थाई पुल से एक बार में एक व्यक्ति निकल सकता है। पुल पार करते समय थोड़ी भी लापरवाही से बड़ी दुर्घटना हो सकती है। नदी के दोनों किनारे कटने से ग्रामीणों को मजबूरी में नदी पार करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करना पड़ी। नदी पर बने ग्राम खेड़ा में डेम के गेट बंद करने पर नदी में जलस्तर बढ़ जाएगा और यह रास्ता भी बंद हो जाएगा। क्षेत्र के सुरेश राजपूत का कहना है प्रशासन द्वारा पुल को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से यहां चल रहे ब्रिज निर्माण का कार्य भी धीमी गति से चल रहा है। ग्रामीणों द्वारा बनाए पुल पर महिला बच्चों के निकलते समय दुर्घटना का भय बना रहता है। शुजालपुर स्कूल जाने वाले बच्चे साइकिल से आना-जाना करते हैं। वे भी इसी नदी से होकर गुजर रहे हैं।