फसलों को उजाड़ रहे हिरण, किसान परेशान
वन विभाग फसलों को बचाने के लिए नहीं उठा रहा कदम
भास्करसंवाददाता|शुजालपुर
रबीफसलों की स्थिति इन दिनों बेहतर है। किसान इन दिनों फसलों में खाद दे रहे हैं ताकि उसकी स्थिति और बेहतर हो। लेकिन उनकी परेशानी खेतों में विचरण करने वाले हिरणों ने बढ़ा दी है। इसके किसानों का कहना है कि यदि यही स्थिति रही तो उनकी फसल पूरी तरह चौपट हो जाएगी।
कई जगह तो जिन किसानों के पास कम जमीन है उन्होंने फसलों के आसपास कांटेदार तार या कांटों की बाउंड्री कर दी है। लेकिन जिन किसानों के पास ज्यादा जमीन है, उनके लिए यह मुश्किल भरा काम है। जंगल से हिरणों को भगाने में किसानों को भी डर लगता है। क्योंकि यदि कोई जानवर मर गया तो उस पर पशु संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई हो सकती है।
किसान राधेश्याम का कहना है अरन्याकलां, तिलावद, जामनेर, अमलाय सहित आसपास के कई गांवों में बड़ी संख्या में हिरण फसलों का नुकसान कर रहे हैं। इसके लिए पूर्व में भाकिसं के बैनर तले वन विभाग के अधिकारियों को अवगत भी कराया। लेकिन हालात पूर्व की तरह हैं। इसके लिए अब तक वन विभाग ने कोई कदम किसान हित में नहीं उठाए। किसानों की परेशानी देखते हुए वन विभाग को फसल बचाने के लिए उचित कदम उठाए जाना चाहिए।