- Hindi News
- यूरिया संकट : कांग्रेसियों ने धरना देकर जताया विरोध सरकार को घेरा, ज्ञापन सौंपा
यूरिया संकट : कांग्रेसियों ने धरना देकर जताया विरोध सरकार को घेरा, ज्ञापन सौंपा
यूरियासंकट को लेकर शुक्रवार को कांग्रेसियों ने जिलेभर में विरोध प्रदर्शन किया। धरना देकर कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। शाजापुर सहित शुजालपुर, कालापीपल, आगर आदि स्थानों पर कांग्रेसियों ने विरोध जताया।
शाजापुर में टंकी चौराहे पर विरोध जताते हुए कांग्रेसियों ने हाईवे पर चक्काजाम करने का प्रयास किया। हालांकि सड़क पर पहुंचे कार्यकर्ताओं को देख वहां खड़े पुलिस जवानों ने ही उन्हें फटकार लगाते हुए भगा दिया। इधर, सूचना मिलते ही मौके पर एसपी अविनाश शर्मा भी पहुंचे और उन्होंने पुलिस अधिकारियों को हाईवे जाम करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। हालांकि पुलिस का रुख देख बाद में कांग्रेसी हाईवे जाम करने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
धरना सुबह 11 बजे से शुरू हुआ और दोपहर करीब 1 बजे तक चला। धरने के दौरान कांग्रेसियों ने केंद्र और प्रदेश में बैठी भाजपा सरकार को जमकर कोसा। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसान विरोधी नीतियां चला रही हैं। वाहवाही बटोरने के लिए भाजपा सरकार खोखली योजनाओं का ढिंढोरा पीटती है। लेकिन असल में भाजपा की सरकार किसान विरोधी नीति चला रही है। धरने को कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामवीरसिंह सिकरवार, बाबू खां खरखरे, डॉ. बसंतकुमार भट्ट, बालकृष्ण चतुर्वेदी आदि ने संबोधित किया। इसके बाद कांग्रेसियों ने तहसीलदार हर्षविक्रमसिंह को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
अज्ञातपर मामला दर्ज
चक्काजामकरने के मामले को लेकर पुलिस ने सख्ती दिखाई और धरने पर बैठे करीब 15 अज्ञात लोगों पर प्रकरण भी दर्ज कर लिया।
टंकी चौराहे पर धरने पर बैठे कांग्रेसी।