गायत्री मंत्रोच्चार के साथ एक-दूजे के हुए नवयुगल
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में 69 जोड़ों का विवाह विधि विधान से हुआ
भास्कर संवावददाता | शुजालपुर
नगर के प्राचीन जटाशंकर महादेव मंदिर पर शनिवार को गायत्री मंत्रोच्चार के साथ क्षेत्र के करीब 69 नवयुगल एक-दूसरे के हो गए। वहीं दो मुस्लिम जोड़ों ने भी जन्मों तक एक-दूसरे के साथ रहना कबूल किया। सम्मेलन में परंपरानुसार दूल्हों की बरात का चल समारोह भी निकाला गया। इसमें विधायक जसवंतसिंह हाड़ा नाचते हुए विवाह समारोह तक पहुंचे।
विवाह समारोह के दौरान वर-वधु को कार्यक्रम आयोजित कर आशीर्वाद दिया गया। इसमें खादी ग्राम उद्योग अध्यक्ष सुरेश आर्य मुख्य अतिथि थे। अध्यक्षता विधायक हाड़ा ने की। विशेष अतिथि कालापीपल विधायक इंदरसिंह परमार, पूर्व विधायक बाबूलाल वर्मा, नपा अध्यक्ष संदीप सणस, जपं अध्यक्ष किशोरसिंह पाटीदार, पूर्व मार्केटिंग अध्यक्ष संजय जाधव, राजेश सक्सेना, अशोक कविश्वर, बाबूसिंह राजपूत, आनंद कुमार जैन, डॉ. के.के. रामसरिया, हेमंत सक्सेना थे। मुख्य अतिथि आर्य ने कहा यह गर्व की बात है कि मुख्यमंत्री एक ऐसा व्यक्ति है जो गरीबों के हितों का ध्यान रखता है। कार्यक्रम के दौरान विधायक हाड़ा ने कहा जो आयोजन किया जा रहा है मेरा व शासन प्रशासन का प्रयास नहीं है, इसमें सभी लोगों की सहभागिता रही। इसका परिणाम यह रहा कि यह आयोजन भव्य हो गया। इस दौरान विधायक परमार, पूर्व विधायक वर्मा सहित अन्य लोगों ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में नपा उपाध्यक्ष किरण जैन, बबीता परमार, विष्णुप्रसाद सिंहल, कृष्णा विजयवर्गीय, अशोक नायक आदि मौजूद थे।
जिपं उपाध्यक्ष की जगह मंच पर पहुंचे पति- एक ओर जहां महिला सशक्तिकरण की बात की जा रही है, वही दूसरी ओर आज भी निर्वाचित महिलाओं के स्थान पर उनके पति ही मंच पर ज्यादातर दिखाई देते हैं। ऐसा ही नजारा देखने को मिला। आमंत्रित अतिथि के लिए जो कार्ड बांटे थे, उसमें नाम तो जिपं उपाध्यक्ष सुगनदेवी का था लेकिन वे कार्यक्रम में नहीं पहुंचीं, लेकिन मंच के कार्यक्रम में उनके स्थान पर उनके पति बैठे थे।
10 हजार से अधिक लोगों को भोजन कराया- नगर के उड़ान मंच के सदस्यों ने बरात की अगवानी की और बरात का स्वागत पुष्पवर्षा से किया। साथ ही समारोह में आए करीब 10 हजार लोगों की भोजन की व्यवस्था भी आयोजन समिति द्वारा की गई।
श्रीराम दरबार का किया मंचन- विवाह समारोह के दौरान गुलाना के सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र-छात्राओं ने श्रीराम दरबार का मंच किया गया। इसे लोगों ने खूब सराहा। नगर की एक अन्य प्रतिभा पलाश ने गणेश वंदना की शानदार प्रस्तुति दी। संचालन राम मनावत ने किया। आभार जपं अध्यक्ष किशोर पाटीदार ने माना।
कन्यादान योजना में पांच विवाह, एक निकाह हुआ
सुसनेर | जपं सुसनेर के तत्वावधान में शनिवार को मोरूखेड़ी शिव मंदिर पर मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत आयोजन किया गया। इसमें पांच जोड़ों का विवाह तथा एक जोड़े का निकाह हुआ। इस अवसर पर जपं अध्यक्ष सुनीता पाटीदार, विधायक प्रतिनिधि कृष्णचंद्र, जनपद उपाध्यक्ष शिवसिंह मैना, पूर्व जनपद अध्यक्ष सीमा रातड़िया, एसीईओ विशाल सिंह, एसडीएम जी.एस. डावर, जपं सीईओ तीजा पंवार आदि मौजूद रहे। नवयुगलों को उपहार भी भेंट किए।
सुसनेर | विवाह की रस्म निभाते नवयुगल।
शुजालपुर | सम्मेलन में वर-वधू को आशीर्वाद देते अतिथि।