- Hindi News
- डॉक्टर एक महीने की छुट्टी पर, मरीज परेशान
डॉक्टर एक महीने की छुट्टी पर, मरीज परेशान
अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे मरीज।
भास्कर संवाददाता|तलवाड़ा डेब
प्राथमिकस्वास्थ्य केंद्र अव्यवस्थाओं का शिकार हो रहा है। पदस्थ डॉक्टर नरेंद्र शर्मा 16 जनवरी से एक महीने की छुट्टी पर हैं। इससे मरीजों को इलाज के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टर के छुट्टी पर जाने से स्वास्थ्य केंद्र एक कंपाउडर के भरोसे चल रहा है। लोगों ने बताया सप्ताह में एक बार ठीकरी से डॉक्टर आता है लेकिन भीड़ अधिक होने से सभी लोगों को स्वास्थ्य सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। ऐसे में लोगों को निजी अस्पतालों में इलाज कराना पड़ रहा है। लोगों ने विभाग से स्वास्थ सेवाओं को दुरुस्त करने की मांग की है।
गांव के हेमंत मुलेवा जितेंद्र मावर ने बताया गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत करीब 8 सब सेंटर 18 गांव के लोग जुड़े हुए हैं। एकमात्र डाॅक्टर के छुट्टी पर जाने से लोगों को स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पा रही है। केंद्र पर एक महीने में करीब 500 मरीज 20 से अधिक महिलाएं प्रसूति के लिए आती है। इसके बाद भी यहां मात्र 6 पलंग एक एंबुलेंस की सुविधा दी गई है। एेसे में एक डॉक्टर पर मरीजों का दबाव बढ़ जाता है। 16 जनवरी से डॉ. शर्मा छुट्टी पर गए है। लोगों को मजबूर होकर निजी अस्पताल में इलाज कराना पड़ रहा है। पिछले दिनों नगर के पास लोहारा गांव में स्वाइन फ्लू का एक मरीज मिला था। इसके चलते लोगों में बीमारी का भय बना हुआ है। लोगों को अधिक रुपए खर्च कर बड़वानी और इंदौर तक दौड़ लगाना पड़ रही है जबकि इस संबंध में अफसरों से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया डॉक्टर एक महीने की छुट्टी पर है। स्वास्थ्य केंद्र से तलवाड़ा डेब, बाबड़िया, खेड़ी, पान्या, मोहीपुरा, चकेरी, बड़दा और झोलपीपरी सब सेंटर जुड़े है। नलवाय, तलवाड़ा, पान्या, तक्यापुर, बावड़िया, लोहारा, खेड़ी, पिछोला, किरमोई, इंद्रपुरी, मोहीपुरा, केशरपुरा, दतवाड़ा, छापरी, बड़दा, आंवली, गोलाटा और झोलपीपरी गांव के लोग स्वास्थ्य केंद्र आते है।
^डॉक्टरएक महीने की छुट्टी पर जाने से परेशानी रही है। हमारे पास स्टाफ की कमी है। इसके बाद भी सप्ताह में एक दिन डॉक्टर भेज रहे हैं। समस्या अधिक आने पर वरिष्ठों को सूचना दी जाएगी। डॉ.सुरेखा जमरे, बीएमओ ठीकरी