23 प्राचार्य बैठक में गैरहाजिर कल नोटिस जारी होंगे
कर्मचारियों की जानकारी जुटाते हुए सहायक संचालक शिक्षा ने कहा-
भास्कर संवाददाता बड़वानी
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के कार्यरत व रिक्त पदों की जानकारी हासिल करने के लिए आदिवासी विकास विभाग सभागृह में शनिवार को बैठक हुई। इसमें पाटी व बड़वानी ब्लाॅक के बीईओ व प्राचार्यों को शामिल होना था। 23 प्राचार्य शामिल नहीं हुए। विभाग के सहायक संचालक शिक्षा आरसी मालवीया ने बताया गैरहाजिर प्राचार्यों को साेमवार को नोटिस जारी होंगे। उन्होंने बताया मामले की जानकारी प्रभारी सहायक आयुक्त व जिपं सीईओ बी. कार्तिकेयन को दी जाएगी।
जिले के स्कूलों में दैनिक वेतनभोगी/कांटीजेंसी, नियमित, नैमित्तिक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों (भृत्य) के कार्यरत व रिक्त पदों की जानकारी एकत्र करने के लिए शनिवार को सभागृह में बैठक हुई। इसमें बीईओ बड़वानी राजश्री पंवार, पाटी बीईओ एमएम खान सहित 22 प्राचार्य शामिल हुए, जबकि बैठक में 45 प्राचार्य को शामिल होना था। शेष 23 प्राचार्य के गैरहाजिर रहने पर उन्हें सोमवार को नोटिस जारी होंगे। श्री मालवीया ने बताया बीईओ व प्राचार्यों से रिक्त व कार्यरत भृत्यों की जानकारी निर्धारित फार्म में भरकर प्राप्त किए हैं। सोमवार को ठीकरी व राजपुर ब्लॉक के बीईओ और प्राचार्यों की बैठक होगी। इस दौरान विभाग के कनिष्ठ लेखाधिकारी लक्ष्मण बरडे, प्राचार्य इकबाल आदिल, आरआर वास्कले, मुकेश पंवार, नारायण सोलंकी, दिनेश पलसीकर व अन्य मौजूद थे।
इसलिए बैठक की पड़ी जरूरत-
इंदौर हाईकोर्ट में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के नियमितीकरण की याचिका विचाराधीन है। मामले में अब भी सुनवाई जारी है। नियमितीकरण के लिए 9 साल पहले दैनिक वेतन भोगी व कांटीजेंसी कर्मचारियों ने इंदौर हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। लेखापाल श्री सोलंकी ने बताया दैवेभो, कांटीजेंसी, नियमित व नैमित्तिक कर्मचारियों की जानकारी अपडेट की जाना है। ताकि जरूरत पड़ने पर वरिष्ठ कार्यालय को सही स्थिति बताई जा सके कि कितने पद नियमित कर्मचारियों के रिक्त है या भरे हुए हैं।
आंकड़े अपडेट होने में लगेंगे 7 दिन
विभाग ने स्कूलों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के कार्यरत व रिक्त पदों जानकारी एकत्र करने के लिए शनिवार को बड़वानी व पाटी ब्लॉक के बीईओ, प्राचार्यों की बैठक रखी थी। इसी तरह सोमवार से आगामी दिनों में जिले के पांच अन्य ब्लॉक की बैठक होगी। विभाग के लेखापाल श्री सोलंकी ने बताया सभी ब्लॉक की बैठक पूरी होने के बाद कार्यरत व रिक्त पदों के आंकड़े एकत्र होंगे। जानकारी अपडेट होने में सात दिन का वक्त लगेगा। शनिवार को प्राचार्यों से निर्धारित फार्म में जानकारी ली है, लेकिन 23 प्राचार्यों के गैरहाजिर रहने से वह भी अधूरी है। शेष जानकारी एकत्र होने के बाद ही बड़वानी व पाटी ब्लॉक की जानकारी अपडेट होगी।
प्राचार्यों की बैठक के बाद वनबंधु योजना व स्मार्ट विलेज के लिए बैठक हुई। जिला पंचायत में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक कौशल उन्नयन अभिमन्यु राव ने श्री मालवीया व कर्मचारियों से वन बंधु योजन व स्मार्ट विलेज की जानकारी ली। वन बंधु योजना में पाटी ब्लॉक के 108 स्कूलों में एलईडी लगना है। अब तक 42 स्कूलों में ही एलईडी लगे हैं। श्री मालवीया ने बताया ऐसे स्कूल जहां बिजली कनेक्शन नहीं है, वहां कनेक्शन के लिए सर्वे का काम पूरा हो गया है। आगामी दिनों में बिजली कनेक्शन की कार्रवाई होगी। योजना प्रभारी श्री पलसीकर ने बताया योजना पर 33.48 लाख रुपए खर्च होंगे। पाटी ब्लॉक के 93 मिडिल स्कूल, 9 हाई व 6 हायर सेकंडरी स्कूल में एलईडी से कठिन विषयों को डेमो के जरिए पढा़या जाएगा। प्रत्येक स्कूल को एलईडी व साउंड सिस्टम खरीदने के लिए 31000 रुपए दिए हैं। श्री राव ने स्मार्ट विलेज में मूलभूत सुविधाओं व निर्माण कामों की जानकारी ली।
बिजली कनेक्शन के लिए सर्वे पूरा