33 हजार से ज्यादा लोगों को 29 करोड़ रुपए का फायदा दिलाया
जनपद पंचायत के तत्वावधान में खंडस्तरीय लोक कल्याण शिविर उत्कृष्ट स्कूल में मंगलवार को लगाया गया। सुबह 11 बजे से शुरू मेले में अतिथि सांसद सुभाष पटेल, विधायक बाला बच्चन सहित अन्य ने विभागों के स्टॉल का अवलोकन कर मंच पर पहुंचे। यहां पर विधायक बाला बच्चन ने कहा मुझे अंत्योदय मेले की योजनाओं का फोल्डर 5 मिनट पहले मिला है। उसे पढ़ ही रहा था कि मुझे मंच पर बोलने के लिए बुला लिया गया। ऐसा नहीं होना चाहिए। फोल्डर 1 सप्ताह पहले दिया जाना चाहिए। इससे पढ़कर समझ सके कि योजना में किसे कैसे लाभ मिल सकता है। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से तलवाड़ा में एंबुलेंस नहीं है। बीएमओ साहब उसे देखे। एंबुलेंस नहीं मिलेगी तो माताओं-बहनों को लाभ कैसे मिलेगा।
सांसद सुभाष पटेल ने कहा 33714 हितग्राहियों को 29 करोड़ से अधिक का लाभ मिल रहा है। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। ऐसे हमारे मुख्यमंत्री की इच्छा है। सब इंजीनियर काम करने में निठल्ले हैं। काम शुरू करने में सांसद का लेटर मांगते हैं। हम कलेक्टर को लेटर देते हैं। सब इंजीनियर को नहीं। हमारे सरपंच, सचिव परेशान होते हैं। सांसद ने विधायक के भाषण पर अपनी सहमति दी। जिपं उपाध्यक्ष रमेश चौहान ने कहा शासन की योजनाओं का सदुपयोग हो। कई जगह दुरुपयोग हो रहा है। अफसर देखे घासलेट कहा जा रहा है। सीधे गाड़ियों में डीजल बन रहा है। इसके पहले शिविर रणगांव में लगा था। जहां हितग्राहियों, आमजनता व अफसरों की संख्या कम होने पर नाराजगी जताई थी लेकिन आज मेले में भीड़ देखकर अच्छा लग रहा है। अंत्योदय मेले में 33 हजार 736 हितग्राहियों को 29 करोड़ 1 लाख 174 रुपए मूल्य के संसाधन, अनुदान की राशि का वितरण किया। इस दौरान जिपं अध्यक्ष लतादेवी रावत, जिला सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष हीरालाल जाधव, जिपं सदस्य राजू मोगरे, जनपद पंचायत ठीकरी अध्यक्ष निर्मला मुजाल्दे, उपाध्यक्ष हेमराज यादव, सुखदेव यादव, ठीकरी ग्राम पंचायत सरपंच राधा खन्ना, जिपं सीईओ बी कार्तिकेयन, एसडीएम डॉ. अभयसिंह खरारी, जनपद पंचायत सीईओ महेश पाटीदार उपस्थित थे।
मेले में लोगों को संबोधित करते विधायक बाला बच्चन और मंच पर बैठे अतिथि।
उत्कृष्ट स्कूल में खंडस्तरीय लोक कल्याण शिविर में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए।