दिसंबर तक तैयार होगा झिरेंना पुल, बचेगा 12 किमी का फेर
बारिश के समय आठ गांव का संपर्क जिला मुख्यालय से जुड़ जाएगा
भास्कर संवाददाता | मुरैना
झिरेंना में आसन नदी पर बनाया जा रहा नया सड़क पुल इस साल के अंत तक बनकर तैयार हो जाएगा। इससे सुमावली विधानसभा क्षेत्र के आठ गांव के लोगों को मुरैना आने के लिए शॉर्टकट रूट मिलेगा। ब्रिज काॅरर्पोरेशन इस पुल के निर्माण पर सात करोड़ रुपए व्यय करेगा।
सड़क पुल निर्माण कर रही गुजरात की बिल्डकॉन कंपनी ने झिरेंना के सड़क को बनाने की दिशा में पुल के पिलरों पर स्लेव डालने की तैयारी पूरी कर ली है। 210 मीटर लंबाई के इस पुल के पहले चरण में 35 मीटर लंबाई तक स्लेव डाला जाएगा। उसके बाद अगले स्लेव बिछाए जाएंगे। पुल का निर्माण 8.40 मीटर चौड़ाई में किया जा रहा है ताकि दोनों साइड से आने वाले वाहन पुल से आसानी से निकल सकें। 12 मीटर ऊंचाई का पुल होने से बारिश के सीजन में आसन नदी में आने वाली बाढ़ का कोई असर आवागमन पर नहीं पड़ेगा। स्टेट टाइम का पुल नीचा होने के कारण बारिश के दौरान नदी का पानी जब उफान पर होता है तब आठ से 10 दिन तक पुल से वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहता है। ऐसे में लोगों का सड़क संपर्क मुरैना व जौरा से टूट जाता है।
ये है निर्माण कार्य की प्रगति
झिरेंना सड़क पुल का निर्माण वैल फाउंडेशन पद्धति से किया जा रहा है। 210 मीटर की लंबाई को कवर करने के लिए निर्माण एजेंसी आसन नदी में आठ वैल बना रही है। जिसमें से अभी तक तीन वैल का काम कंपलीट हो चुका है। दो वैल मार्च तक पूरे कर लिए जाएंगे।
एप्रोच रोड भी बनेंगी
बिल्डकॉन कंपनी झिरेना सड़क पुल को जोड़ने वाली दो एप्रोच रोड का निर्माण भी कराएगी। सड़क पुल के एक ओर 250 मीटर लंबी व झिरेंना गांव की ओर जाने वाली 150 मीटर लंबाई की सड़क का निर्माण कराएगी। इसी प्रकार तोर तिलावल पुल के लिए 1.5 किमी. लंबाई की सड़क बनाने का जिम्मा पुल बनाने वाली कंपनी को ही दिया गया है।
दिसंबर तक दोनों पुल हो जाएंगे तैयार
आसन नदी पर झिरेंना सड़क पुल व क्वारी नदी पर तोर-तिलावली का पुल बनाने का काम प्रगति पर है। दिसंबर तक दोनों पुल बनकर तैयार हो जाएंगे। हरिओम अग्रवाल, सहायक यंत्री ब्रिज काॅरर्पोरेशन ग्वालियर
आसन नदी पर झिरेंना का सड़क पुल का काम तेजी से चल रहा है।
पुल से आठ गांव के लोगों को लाभ
मुरैना को सुमावली से जोड़ने वाले इस सड़क पुल के बनने से सुमावली विधानसभा क्षेत्र के आठ गांव के लोगों को मुरैना जिला मुख्यालय सहित जौरा तहसील मुख्यालय पहुंचने के लिए शॉर्टकट रूट उपलब्ध होगा। अभी सुमावली के लोगों को मुरैना आने के लिए 15 किमी दूरी का अधिक फेर तय करना पड़ रहा है इससे लोगों का समय व पैसा दोनों अधिक व्यय हो रहे हैं।
तोर तिलावली में क्वारी नदी पर बन रहा पुल
ब्रिज काॅरर्पोरेशन सुमावली विधानसभा क्षेत्र के तोर तिलावली में भी सात करोड़ रु की लागत से क्वारी नदी पर सड़क पुल का निर्माण करा रहा है। गुजरात की बिल्डकॉन कंपनी ही इस पुल को 140 मीटर लंबा, 8.4 मीटर चौड़ा व 12 मीटर ऊंचा तैयार कर रही है। इस पुल के निर्माण में दो वैल फाउंडेशन तैयार हो चुके हैं। तीसरा वैल फाउंडेशन मार्च तक कंपलीट करने की बात कही जा रही है।