डिवाइडर पर होगा प्लांटेशन हटाया जाएगा अतिक्रमण
शहर की एमएस रोड के डिवाइडर पर आगामी दिनों में प्लांटेशन (पौध रोपण) किया जाएगा। इसके लिए इस डिवाइडर को सुधारा जाएगा। यह बात कलेक्टर विनोद शर्मा ने जीवाजीगंज में बन रहे नए डिवाइडर के अवलोकन के बाद कही। कलेक्टर मंगलवार की रात को जीवाजीगंज में कार्य स्थल पर पहुंचे थे। कलेक्टर ने यहां शहीद बिस्मिल संग्रहालय तिराहा पर लग रहे ट्रैफिक सिग्नलों के लिए चल रहे कार्य का मुआयना भी किया। कलेक्टर ने मौके पर जीवाजीगंज में दुकानों के आगे अतिक्रमण देखा तो नगर निगम के कार्यपालन यंत्री केके शर्मा को सख्त निर्देश दिए कि यहां से यह अतिक्रमण हट जाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि जीवाजीगंज में हद से ज्यादा अतिक्रमण है, लेकिन नगर निगम कभी इस ओर कार्रवाई नहीं करता। अब कलेक्टर की नजर इस ओर गई है तो हालात बदलने के आसार बने हैं।