श्रीमद् भागवत कथा के श्रवण मात्र से मिलता है मोक्ष और कष्टों से मुक्ति
श्रद्धाभाव से निकली कलश यात्रा, प्रथम दिन बताया कथा का महात्म्य
भास्कर संवाददाता | मुरैना
छोटी-छोटी गैया, छोटे-छोटे ग्वाल, छोटों सो रे मेरो मदन गोपाल..इस भजन के साथ जीवाजीगंज स्थित श्रीराम जानकी मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई। शुक्रवार को शहर भर में निकली भव्य कलश यात्रा को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही थी। यह कलश यात्रा श्रीमद भागवत कथा से पहले निकाली गई थी।
कथा का आयोजन नैनागढ़ रोड स्थित गली नं. 1 में पं. श्यामसुंदर शास्त्री द्वारा कराया जा रहा है। इसमें कथा का वाचन पं. रामस्वरूप शास्त्री कर रहे हैं। अपरान्ह 11.30बजे कलश यात्रा कथा स्थल पर पहुंची जहां शास्त्री जी ने विधि-विधान से कथा प्रारंभ की। प्रथम दिन व्यास गद्दी से कथा का माहात्मय समझाते हुए शास्त्री जी ने कहा कि संसार की रचना भगवान ने की है और आज के भौतिकवादी युग में लोग भगवान को ही भूलते जा रहे हैं। इस कारण कई प्राकृतिक आपदाएं आ रही हैं। मनुष्य को भगवान का स्मरण हर समय करना चाहिए। व्यस्ततम जीवन में थोड़ा समय भक्ति के लिए निकाला जाय तो मानव जीवन का कल्याण निश्चित है। भागवत कथा भी मोक्ष का माध्यम है इसके श्रवण मात्र से मनुष्य को कष्टों से मुक्ति मिलती है। कथा के प्रथम दिन श्रद्धालुओं की काफी भीड़ कथा स्थल पर मौजूद रही। कथा के बीच-बीच में भजनों का गायन भी किया गया जिस पर श्रद्धालुओं को झूमते देखा गया। कलश यात्रा में संतोष शर्मा, वीरेंद्र शर्मा, टीना शर्मा, साधना शर्मा, काजल शर्मा सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे।
सिद्ध पहाड़ी पर आयोजित श्रीमद भागवत कथा में कल आएंगे सीएम
मुरैना/सुमावली | सुमावली विधानसभा में स्थित सिद्ध पहाड़ी धर्म क्षेत्र के राधा मनोहर मंदिर पर श्रीमद भागवत कथा में विशेष तैयारी 14 फरवरी को लेकर चल रही है। क्योंकि इस दिन यहां प्रदेश के मुख्यमंत्री कथा श्रवण करने आएंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री रजौधा की श्रीमद भागवत कथा में जौरा विधानसभा के अंतर्गत शरीक होंगे। फिर सुमावली की गणेशपुरा पंचायत में आएंगे। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से आएंगे, इसलिए हेलीपेड आदि समेत सुरक्षा व्यवस्थाएं व अन्य आवश्यक इंतजामात किए जा रहे हैं। कथा में बढ़ रही भीड़ : राधा मनोहर मंदिर पर श्रीमद भागवत कथा का आज तीसरा दिन था। यहां कथा में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। कथा व्यास कृष्णा नंदन शास्त्री यहां भगवत चरित सुना रहे हैं। शास्त्री ने कहा कि श्रीमद भागवत कथा मानव के कल्याण का मार्ग है। अगर व्यक्ति पूरे मनोयोग से इसका श्रवण करता है तो उसके सभी पापों का नाश हो जाता है।
भागवत कथा से पहले कलश यात्रा निकाली गई।