ननि ने टैक्स व किराए के वसूले तीन लाख
ननि आयुक्त ने अमले के साथ पहुंचकर स्टेशन रोड पर की कार्रवाई
भास्कर संवाददाता | मुरैना
नगरनिगम ने कर वसूली की कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को नगरनिगम आयुक्त नसीर अहमद खान ने अमले के साथ निकलकर स्टेशन रोड पर स्थानीय निवासी व दुकानदारों से सम्पत्ति कर, समेकित कर, जलकर व दुकान किराए की राशि वसूल की। दो घंटे चली कार्रवाई में तकरीबन तीन लाख रुपए वसूल किए गए हैं।
नगरनिगम के विभिन्न करों की वसूली काफी समय से पिछड़ रही है। अधिकारियों की लापरवाही के कारण वसूली अभियान गति नहीं पकड़ पा रहा। अभी तक यह कार्रवाई चेतावनी, अनाउंसमेंट तक ही सीमित रही है। लेकिन शुक्रवार को अधिकारियों ने तेजी दिखाते हुए वसूले अमले को साथ लेकर शहर के स्टेशन रोड इलाके की ओर रूख कर लिया।
यहां बारी-बारी से उन दुकानदारों से पैसा बसूला गया जो नगरनिगम की दुकानों में जमें बैठे, लेकिन किराया नहीं दे रहे थे। साथ ही संपत्तिकर, समेकित कर व जलकर जमा न करने वाले निवासियों से भी अधिकारियों ने सख्त रवैया अपनाकर पैसा बसूला।
अवैध नल कनेक्शन लेकर पेयजल ले रहे लोगों पर कार्रवाई करता ननि अमला।
कार्रवाई आगे भी रहेगी जारी
संपत्तिकर, समेकित कर, जलकर व दुकान किराया लोग जमा नहीं कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में स्टेशन रोड पर वसूली अभियान चलाया गया। जिसमें करीबन तीन लाख रुपए बसूला गया है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। त्रिलोक कुमार शांडिल्य, प्रभारी राजस्व अधिकारी नगरनिगम