कृमिनाशक दवा खाने के बाद दो छात्राओं की हालत बिगड़ी
दोनों छात्राओं को जिला अस्पताल में कराया भर्ती
भास्कर संवाददाता | मुरैना
शासकीय प्राथमिक विद्यालय घुरघान में पेट के कीडे़ मारने की दवा खाने के बाद दो छात्राओं की हालत बिगड़ गई। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्राओं की हालत बिगडऩे पर शिक्षकों सभी बच्चों को दवा नहीं खिला सके। बच्चों को दवा जिले के सभी स्कूलों व आंगनबाडिय़ों में राष्ट्रीय कृमि दिवस के उपलक्ष्य में खिलाई गई थी।
राष्ट्रीय कृमि दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को जिले के सभी स्कूल व आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों को पेट के कीड़े मारने की दवाई खिलाई जानी थी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी स्कूल व आंगनबाडिय़ों को दवा उपलब्ध करा दी थी। बुधवार को सभी स्कूलों के साथ शासकीय प्राथमिक विद्यालय घुरघान में भी बच्चों के दवा खिलाई जा रही थी।
शिक्षक एक-एक करके छात्र-छात्राओं के नाम अंकित करते हुए दवा खिला रहे थे। इसी बीच दवा खाने के आधा घंटे के बाद छात्रा निधि श्रीवास (9) व कंचन प्रजापति (10) की हालत बिगड़ गई। दोनों छात्राएं बेहोश हो गईं। छात्राओं की हालत बिगड़ते देख प्रधानाध्यापक रामअवतार शर्मा ने तत्काल 108 एंबुलेंस के लिए कॉल किया और छात्राओं को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के बाद दोनों छात्राओं की हालत सामान्य है।
कभी-कभी हो जाता है साइडइफेक्ट
कभी-कभी किसी दवा से किसी व्यक्ति को साइडइफेक्ट हो जाता है। ऐसा ही इन बच्चियों के साथ हुआ। इन्हें इलाज किया गया है जिनकी हालत अब नॉर्मल है। डा.विनोद गुप्ता, सिविल सर्जन जिला अस्पताल