250 टीमें खेल सकती हैं क्रिकेट टूर्नामेंट
विधायक रुस्तम सिंह ने की पत्रकार वार्ता
भास्कर संवाददाता | मुरैना
विधानसभा मुरैना के अंतर्गत आयोजित होने जा रहे विधायक कप में क्रिकेट के मैच कराए जाएंगे। यह मैच शहर समेत बानमोर तक के विभिन्न मैदानों पर आयोजित कराए होंगे। इसलिए खिलाड़ी इस स्पर्धा में अपना हुनर दिखाएं। विजेता टीम को कप के साथ 11 हजार रुपए का इनाम भी दिया जाएगा। उप विजेता टीम को 5100 रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा प्रोत्साहन पुरस्कार अलग से होंगे। इसलिए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का भरपूर प्रदर्शन करें। यह बात मुरैना विधायक रुस्तम सिंह ने कही।
विधायक गुरुवार को रेस्ट हाउस पर पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में विधायक कप के नाम से खेल स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें मुरैना विधानसभा में 13 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट में 250 टीमों की एंट्री हो सकती है। इनमें बानमोर और मुरैना में मैच कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मैच शहर के स्टेडियम, मेला ग्राउंड व नंबर एक स्कूल के ग्राउंड समेत एसएएफ लाइन व पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित होंगे। फाइनल मैच स्टेडियम में में आयोजित किया जाएगा। यह मैच 20-20 ओवर के होंगे।
विधायक ने ली अधिकारियों की बैठक : मुरैना विधायक ने इस टूर्नामेंट के संबंध में विभिन्न अधिकारियों से भी बात की। जिसमें इस टूर्नामेंटों के मैचों को संभालने वाले खेल एवं युवक कल्याण विभाग समेत जिला स्वास्थ्य महकमे व नगर निगम के अधिकारी शामिल रहे।